जबलपुर। यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के लिए गोसलपुर क्षेत्र में चलित न्यायालय के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। न्यायिक मजिस्ट्रेट और पुलिस की संयुक्त टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच कर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर हुई कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती खालिदा तनवीर खान एवं श्री विशाल रिछारिया की उपस्थिति और निर्देशन में की गई। थाना प्रभारी गोसलपुर भावना तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने वाहनों की सघन जांच की।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने, कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा ऑटो और ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार सवारी बैठाने की समझाइश दी गई। वाहन चालकों को जरूरी दस्तावेज साथ रखने, यातायात संकेतों का पालन करने और सुरक्षित गति से वाहन चलाने की हिदायत भी दी गई।पुलिस के अनुसार चलित न्यायालय का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।