गुड फ्राइडे पर निकली क्रूस यात्रा, मसीही समाज ने किया प्रभु यीशु के बलिदान का स्मरण


जबलपुर। देश-दुनिया के साथ जबलपुर के मसीही समाज ने शुक्रवार को गुड फ्राइडे श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया। शहर के कैथोलिक और प्रोटेस्टेंट चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित हुईं। ईसाई समाज के लोगों ने प्रभु यीशु मसीह के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सुबह होली ट्रिनीटी चर्च, नेपियर टाउन से क्रूस यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। यह यात्रा भंवरताल उद्यान, रसल चौक, राजीव गांधी चौक, नगर निगम और बस स्टैंड होते हुए सेंट नार्बट स्कूल के सामने से गुजरकर वापस चर्च पहुंची। यहां क्रूस आरोहण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
क्रूस यात्रा के दौरान प्रभु यीशु के जीवन के अंतिम क्षणों का मंचन किया गया। रोमी शासक पिलातुस द्वारा दिए गए दंड से लेकर कलवारी पर्वत पर क्रूस पर चढ़ाए जाने तक की घटनाएं दिखाई गईं। संजय मैथ्यूज ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रभु यीशु ने मानवता के लिए अपना बलिदान दिया था, इसलिए समाज के लोगों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।