जबलपुर| मनोज बाजपेई की ‘घूसखोर पंडित’ फिल्म को लेकर जबलपुर में भी जमकर विरोध हो रहा है। ब्राह्मण मंडल, जबलपुर ने फिल्म के टाइटल ‘घूसखोर पंडित’ को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं।
ब्राह्मण मंडल के ग्रुप हेड राजेन्द्र तिवारी,अनंत चतुर्वेदी, रविशंकर दुबे,बलराम तिवारी,बलराम शुक्ला एवं रजनीश त्रिपाठी आदि ने कहा है कि ‘पंडित’ शब्द सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण व सम्मानजनक शब्द रहा है जिसे घूसखोर शब्द के साथ जोड़ना सनातन संस्कृति का अपमान है।
बयान में साफतौर पर कहा गया है कि फिल्म के टाइटल से सिर्फ ब्राह्मणों का ही नहीं वरन सनातन संस्कृति का अपमान है। ब्राह्मण मंडल, जबलपुर ने उपनिषदों में पंडित शब्द की व्याख्या करने वाले श्लोक के जरिए भी फिल्म निर्माताओं को समझाया है।
यस्य सर्वे समारम्भाः कामसंकल्पवर्जिताः।
ज्ञानाग्निदग्धकर्माणं तमाहुः पंडितं बुधाः॥
यानी जिसके सभी कार्य बिना कामना और संकल्प के होते हैं, और जिसके सभी कर्म ज्ञानरूपी अग्नि में भस्म हो चुके हैं, उसे ज्ञानी जन ‘पंडित’ कहते हैं।
ब्राह्मण मंडल, जबलपुर ने सभी ब्राह्मण संगठनों से मनोज बाजपेई की आने वाली फिल्म घूसखोर पंडित के विरोध में उठ खड़े होने का आव्हान किया है।