जबलपुर । सिविल लाईन थाना अतंर्गत रोटरी क्लब के समीप एक बारात घर में गुरुवार की देर रात गैंगवार की घटना सामने आई| एक गैंग के बदमाशों ने दूसरी गैंग के बदमाशों पर फायरिंग की, जिसमें दो लोगों घायल हो गए| एक के पसली में गोली लगने से हालत गंभीर बताई जा रही है|
घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है| पुलिस ने घटना के बाद फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया|
घटना के संबंध में सिविल लाईन थाना प्रभारी अनूप नामदेव ने बताया कि रोटरी क्लब के पास एक बारातघर में भवानी परिवार का विवाह समारोह चल रहा था, इस विवाह समारोह में शामिल होने के लिए छोटू चौबे गैंग का पूर्व सदस्य और वर्तमान में खुद की गैंग चलाने वाला दुर्गेश पांडे उर्फ पांडा पहुंचा था, यही पर 13302 गैंग का कुख्यात बदमाश लकी पटेल अपने 8 से 10 साथियों के साथ पहुंचा, जहां दोनों का आमना सामना हुआ इस बीच लकी पटेल ने पांडा गैंग पर गोली चला दी, इससे कुछ देर के लिए विवाह समारोह में अफरा तफरी मच गई|
दो गोलियां पांडा के बदन को छूकर निकल गई, जबकि पांडा के साथी श्रीकांत राय की पसली में गोली लग गई| घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाईन पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया| पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी| 13302 गैंग के लोगों पर पांडा ने पहले चाकूबाजी की थी, इसी घटना के बदले में गोलीबारी की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 109, 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।