परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम से विद्यार्थियों का तनाव कम होता है – रोहाणी


जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम का नवां संस्करण पूरे देश में एक साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण देशभर के सभी विद्यालयों में किया गया, जिसे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, तनावमुक्त रहकर अध्ययन करने तथा आत्मविश्वास बनाए रखने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया।
जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में यह प्रथम अवसर था जब प्रधानमंत्री ने अपने आवास पर विद्यार्थियों से संवाद किया।
मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के छात्र आयुष तिवारी, कक्षा 11वीं, पं. लज्जा शंकर झा उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, का चयन इस गौरवशाली अवसर के लिए हुआ। आयुष तिवारी अपने संरक्षक शिक्षिका डॉ. भारती मालपानी के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ नाश्ते पर संवाद किया एवं उन्हें असमी गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
जबलपुर जिले का मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम शासकीय मॉडल स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंट विधायक अशोक रोहाणी , विशिष्ट अतिथि के रूप में माध्यमिक शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीनिवास राव तथा भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पश्चात् विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि “परीक्षा पे चर्चा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के मन से परीक्षा का भय और तनाव दूर करते हैं, जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं।”
विशिष्ट अतिथि श्रीनिवास राव ने कार्यक्रम को रोचक एवं अत्यंत उपयोगी बताया, सीए अखिलेश जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ा है और वे इस वर्ष उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करेंगे। इस अवसर पर प्रधानमंत्री से संवाद करने वाले छात्र आयुष तिवारी का सम्मान भी किया गया।
कार्यक्रम में एडीपीसी गौतम बर्बे, डीपीसी योगेश शर्मा, प्राचार्य श्रीमती उपमा गुप्ता, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, सहित शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।