दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन काराष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल को चाँदखेड़ी में


जबलपुर, । दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 30वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन 12 अप्रैल 2026 (रविवार) को श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र, चाँदखेड़ी (राजस्थान) में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देशभर के लगभग 350 जैन सोशल ग्रुपों के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित लगभग 500 प्रतिनिधियों की उपस्थिति रहेगी।
फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिवर्ष की परंपरा अनुसार इस अधिवेशन में वर्ष 2025 के दौरान विभिन्न ग्रुपों द्वारा किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों के आधार पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। साथ ही ग्रुपों द्वारा तैयार की गई स्क्रैप बुक के लिए भी विशेष सम्मान प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय महासचिव विनय जैन ने सभी ग्रुप अध्यक्षों से अनुरोध किया है कि वे वर्ष 2025 में अपने ग्रुप द्वारा क्रियान्वित समस्त गतिविधियों का संकलन तैयार कर लें। फेडरेशन द्वारा शीघ्र ही “प्रोग्रेस रिपोर्ट” के लिए एक निर्धारित प्रपत्र भेजा जाएगा, जिसमें सभी ग्रुप अपनी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भरकर फेडरेशन को उपलब्ध कराएंगे। प्राप्त प्रपत्रों के आधार पर ही विभिन्न ग्रुपों के अवार्ड निर्धारित किए जाएंगे।
राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नितिन जैन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार स्क्रैप बुक सम्मान की श्रृंखला में शामिल होने के इच्छुक ग्रुप अपनी स्क्रैप बुक तैयार करना प्रारंभ कर दें और अधिवेशन के दिन उसे अपने साथ अधिवेशन स्थल पर लेकर आएं।
संगठन के पदाधिकारियों—श्रीमती पुष्पा-प्रदीप कुमार सिंह जैन कासलीवाल (शिरोमणि संरक्षक), मनोहर-मोहिनी जैन झांझरी (राष्ट्रीय अध्यक्ष), विनय-अनीता जैन (राष्ट्रीय महासचिव), अश्विन-रुचि जैन कासलीवाल (राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष) एवं राकेश विनायका (निवर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष) ने फेडरेशन की ओर से सभी सहयोगियों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों को होली एवं रंगपंचमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।