जबलपुर। देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 27 अगस्त को जबलपुर आगमन के दौरान भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (बीपीएमएस) के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रमुख रूप से ओल्ड पेंशन स्कीम (ओपीएस) को पुनः लागू करने और जबलपुर में डिफेंस कॉरिडोर विकसित करने की मांग रक्षा मंत्री के समक्ष रखी। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि नई पेंशन व्यवस्था को लेकर कर्मचारियों में असुरक्षा और चिंता बनी हुई है। कर्मचारी संगठन लंबे समय से पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग करते आ रहे हैं। प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा मंत्री से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
इसके साथ ही जबलपुर में डिफेंस कॉरिडोर विकसित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि जबलपुर लंबे समय से रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। यहां मौजूद रक्षा प्रतिष्ठानों की क्षमता, तकनीकी दक्षता और कुशल श्रमशक्ति को देखते हुए डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को नई गति मिल सकती है।
इस अवसर पर बीपीएमएस के रूपेश पाठक, राजेंद्र चराडिया, नरेंद्र तिवारी, त्रिभुवन सिंह, अमित चौबे, प्रेम लाल सेन, अरुण मिश्रा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि रक्षा मंत्री कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन स्कीम की मांग और जबलपुर में डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक पहल करेंगे।