जबलपुर। जबलपुर को पूर्ण रूप से भिक्षावृत्ति मुक्त बनाने के उद्देश्य से शनिवार को दीन बंधु संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर निगम, पुलिस प्रशासन और विजन वरिष्ठ नागरिक संगठन के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने एकजुट होकर शहर को भिक्षावृत्ति से मुक्त करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विजन वरिष्ठ नागरिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने दीन बंधु 2026 अभियान की औपचारिक शुरुआत की उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत शहर में मौजूद सभी भिक्षुओं के लिए रहने और खाने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च संस्था द्वारा उठाया जाएगा, ताकि वे सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि विजन संस्था का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और असहाय लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, वहीं दूसरी ओर भिक्षावृत्ति को संगठित धंधे के रूप में संचालित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करना भी अभियान का अहम हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2026 तक जबलपुर को पूरी तरह भिक्षावृत्ति मुक्त बनाना इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि जबलपुर संस्कारों की राजधानी के रूप में देशभर में पहचाना जाता है और यहां किसी भी व्यक्ति को भिक्षा मांगने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। भिक्षावृत्ति मानवता को शर्मसार करने वाली सामाजिक बुराई है, जिसे समाप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे भिक्षा के रूप में पैसे देने के बजाय अन्न दान करें और जरूरतमंदों को सम्मान के साथ सहायता प्रदान करें।
कार्यक्रम में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने इस पहल को समाजहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि भिक्षावृत्ति मुक्त शहर का निर्माण केवल प्रशासन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है। महापौर ने अभियान को सफल बनाने के लिए शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह सहित कई वरिष्ठ नागरिक, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मिलकर भिक्षावृत्ति मुक्त जबलपुर बनाने का संकल्प लिया और इस सामाजिक अभियान में सक्रिय भागीदारी का भरोसा जताया।