धनतेरस के लिये दुल्हन की तरह सज गये बाजार, आज बाजारों में होगी जमकर खरीददारी


जबलपुर। दीपोत्सव पर्व की शुरूआत शनिवार को धनतेरस के साथ हो रही दीपोत्सव पर्व की तैयारियों को लेकर पिछले महीने भर से लोग व्यस्त रहे। घर-मकान, प्रतिष्ठान की सफाई पुताई करने के बाद अब लोग त्यौहार मनाने के मूड में आ गये।

बाजारों में धनतेरस के लिये सभी तैयारियां पूर्ण हो गई हैं। दो दिन पूर्व से बाजार रंग बिरंगी रोशनी और माल के नये-नये स्टॉक, उपहार योजना, डिस्काउंट व उपभोक्ताओं को आकर्षित करने वाली योजनाओं के साथ सजधज गये।

धनतेरस पर जमकर बाजारों में धन बरसेगा, लोग अपनी-अपनी सामर्थ्य के अनुसार खरीददारी करेंगे। शासकीय दफ्तरों में वेतन बट चुका है, केन्द्रीय कर्मचारियों को बोनस की बड़ी-बड़ी रकम मिल चुकी है। लिहाजा बाजार में आज मंहगाई के बावजूद अच्छी बिकवाली होने की उम्मीद है।


स्वर्ण आभूषणों से लेकर बर्तन, कपड़े, मेवा मिष्ठान, पकवान, पटाखे, रंगोली और रंग बिरंगी विद्युत झालरों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक्स आईटम की दुकानों में कुछ ज्यादा ही चमक दमक दिखाई देगी। 6 दिवसीय दीपोत्सव के पहले दिन लोग शुभ मुहूर्त में खरीदी करने के बाद घरों में स्वास्थ्य के देवता धनवंतरी भगवान की पूजा अर्चना कर पूरे परिवार की स्वस्थ रहने की कामना करेंगे।

इसके अलावा दूसरे दिन नरक चौदस का पर्व मनाया जायेगा। इस दिन घूरे में भी और घर के निस्तारी कोनों-कोनों में भी दिये की रोशनी का उजाला किया जायेगा।

तीसरे दिन धन-धान्य की देवी लक्ष्मी और प्रथम पूज्य विघ्न विनाशक भगवान श्री गणेश की पूजा अर्चना कर सुख समृद्धि, वैभव और ऐश्वर्य की देवी माता लक्ष्मी को घर परिवार, प्रतिष्ठान, की समृद्धि की प्रार्थना की जायेगी। चौथे दिन परीवा का पर्व मनाया जायेगा और छटवें दिन भाईदूज पर्व के साथ 6 दिन के दीपोत्सव पर्व का समापन होगा।