जबलपुर । मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यहां प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला| शहडोल रवाना होने के पूर्व डुमना विमानतल पर श्री पटवारी ने पत्रकारों से चर्चा की| उन्होंने आरोप लगाया कि मप्र की सरकार कर्जे में चल रही है| सरकार की 29 योजनाएं बंद हो गई| सरकार के पास पैसा नहीं है| किसान कर्मचारी पेंशनर्स, युवा, महिला सभी वर्ग परेशान है और प्रदर्शन कर रहे हैं| कहीं जहरीले कफ सीरप से तो कही दूषित पानी से मौते हो रही हैं सेना का अपमान किया जा रहा है| कांग्रेस प्रदेश के खराब हालातों के खिलाफ बजट सत्र के दौरान विधानसभा का घेराव करेगी|
श्री पटवारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह बजट सत्र मध्य प्रदेश के इतिहास का “सबसे शर्मनाक बजट सत्र” साबित होगा। उनका आरोप था कि इसमें ऐसे मंत्री शामिल हैं जिन पर गंभीर आरोप लगे हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि मंत्री विजय शाह पर देश की बेटी के अपमान का आरोप है, जबकि मंत्री राजेन्द्र शुक्ला को छिंदवाड़ा में जहरीली कफ सिरप से बच्चों की मौतों का जिम्मेदार बताया। इसके साथ ही नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए थी, वे मंत्रिमंडल का हिस्सा हैं, जो राज्य सरकार की नीति और नियत दोनों पर सवाल खड़े करता है।
पटवारी ने आगे आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने 29 योजनाएं बंद कर दी हैं, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ ट्रेड डील में झुकने का खामियाजा देश के किसानों को भुगतना पड़ेगा। उनके अनुसार प्रदेश में युवा, कर्मचारी, शिक्षक, किसान और ट्रेड यूनियन से जुड़े लोग हड़ताल कर रहे हैं और लगभग हर वर्ग परेशान है।
ब्लाक स्तर पर कार्यक्रम करने निर्देश..…
विमानतल पर पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पटवारी ने संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। इसके लिए उन्होंने ब्लॉक स्तर से लेकर जमीनी स्तर तक विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए और पार्टी की जिम्मेदारियों को सजगता से निभाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में बदलाव……….
गौरतलब है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पटवारी को शुक्रवार सुबह 10 बजे जबलपुर के सर्किट हाउस-1 में एक विशेष संवाद सत्र में शामिल होना था। हालांकि अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव किया गया और वे सर्किट हाउस जाने के बजाय सड़क मार्ग से शहडोल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि वे वहां आयोजित जनआक्रोश रैली में हिस्सा लेने पहुंचे।