जबलपुर। ग्वारीघाट स्थित साकेत धाम की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए अज्ञात चोर आश्रम के पीछे लगा चंदन का पेड़ रातों-रात काटकर ले गया। हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान साकेत धाम में कर्मचारी मौजूद थे और रातभर सुरक्षा गार्ड की ड्यूटी भी लगी थी, बावजूद इसके किसी को पेड़ काटे जाने की भनक तक नहीं लगी। सुबह जानकारी सामने आने के बाद ग्वारीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।पुलिस के अनुसार साकेत धाम के मैनेजर राकेश कुमार कुशवाहा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 23 अगस्त की रात करीब 10:30 बजे साकेत धाम के सभी कर्मचारी खाना खाने के बाद अपने कमरों में सोने चले गए थे। वहीं, साकेत धाम का गार्ड नरेश रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक ड्यूटी पर था।अगली सुबह करीब 6:30 बजे धर्मेन्द्र पासी ने आश्रम के पीछे जाकर देखा तो वहां लगा चंदन का पेड़ गायब था। आसपास तलाश करने पर भी पेड़ या उसे काटकर ले जाने वाले व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिला।1इसके बाद घटना की सूचना ग्वारीघाट पुलिस को दी गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर चंदन का पेड़ काटकर ले जाने वाले आरोपी की तलाश कर रही है।