होली पर चाकूबाजी की 4 वारदातें, 5 घायल


जबलपुर, । धुरेडी पर्व पर रंगों के साथ साथ खून के छींटे भी उड़े| शहर भर में दर्जनों चाकूबाजियों की घटनाएं हुई, कुछ पुलिस थाने में दर्ज हुई तो कुछ आपस में निपट गई| गोसलपुर, माढ़ोताल और बेलबाग थाना क्षेत्रों में मारपीट की चार वारदातें सामने आई हैं| मारपीट की इस वारदात में पांच लोग घायल हो गए, जिनमें एक वृद्ध भी शामिल हैं|
गोसलपुर पुलिस थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार पाली टोरिया निवासी 66 वर्षीय भूपत प्रसाद पटेल गत रात लगभग 10 बजे कछपुरा बायपास स्थित अपने टपरे में गुटखा पान बेच रहा था तभी कछपुरा निवासी रिंकू पटैल उसके टपरे में आया और शराब पीने के लिये 500 रूपये की मांग करने लगा, मना करने पर गाली गलौज करते हुये दुकान के पास पड़ा गेढ़ा से उस पर हमला कर चोटें पहुंचा दी।
इसी तरह माढ़ोताल में आईटीआई माढ़ोताल निवासी 28 वर्षीय आकाश दाहिया गत दोपहर लगभग 2 बजे अपने साले अनुराग झारिया के साथ मोटरसायकिल से अपनी ससुराल नक्षत्र नगर माढोताल से अपने रूम आ रहा था जैसे ही श्रीराम कॉलेज वाली रोड़ पर पहॅुचा तभी एक मोटर सायकल में तीन अज्ञात लड़के आकर उससे शराब पीने की मांग करते हुए गालीगलौज व चाकू से हमला कर दिए।
इसी प्रकार बेलबाग में फूटाताल बढ़ई मोहल्ला निवासी 36 वर्षीय श्रीमति मनीषा लोधी और उसका भाई श्याम सिंह लोधी घर पर थे तभी मेहतर मोहल्ला निवासी रोशन गोतेल श्याम सिंह से शराब पीने के लिए रुपए की मांग करते हुए गालियां देने लगा, मना करने पर मारपीट कर चोटें पहुंचा दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 296बी, 115, 118(1), 119(1), 351(2), 3(5)बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वहीं बेलबाग में बेलबाग निवासी 30 वर्षीय शुभम सोनकर गत रात अपने भाई आयुष के साथ छोटी ओमती कदम तलैया, लक्ष्मी चिकन शॉप के सामने खड़ा था, तभी आरोपी अप्पा और अंशुल ने शराब पीने के लिए 1 हजार रुपए की मांग करते हुए गालीगलौज व मारपीट की एवं अप्पा ने आयुष पर पत्थर से हमला कर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट पर धारा 296(इ), 119(1), 351(2), 3(5)बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना मे लिया गया।