घर-घर विराजेंगे भगवान गणेश, इस बार 11 दिन का गणेशोत्सव

जबलपुर। विघ्न विनाशक, बुद्धि विनायक, रिद्धि-सिद्धि के दाता, प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की पूजा अर्चना का दस दिवसीय जन्मोत्सव पर्व बुधवार 27 अगस्त से प्रारंभ हो रहा है। सुबह-सुबह जहां जय गणेश जय गणेश की गूंज के साथ प्रतिमाओं की घर-घर स्थापना होगी। सनातन धर्म में गणेश उत्सव पर्व की महिमा भी निराली है। ब्रम्हाण्ड का सबसे पहले चक्कर लगाने की परीक्षा में उन्होंने अपने माता-पिता की परिक्रमा पूरी कर बुद्धि विनायक की उपाधि ली और प्रथम पूज्य कहलाए। इस साल 10 दिन के बजाय 11 दिन का गणेशोत्सव है|
भाद्रपक्ष की चतुर्थी को गणपति की घर-घर में स्थापना की जाती है और सुबह-शाम भगवान को भोग लगाकर उनकी आरती उतारी जाती है। भगवान श्री गणेश को विघ्न विनाशक भी कहा जाता है। उनकी दस दिनों तक आराधना कर बुद्धि-विवेक मांगते हैं और प्रार्थना करते हैं कि हे प्रभु तमाम बाधाओं से दूर रखना। पर्व की पूर्व संध्या पर बाजार जबर्दस्त गुलजार रहे। गणेश प्रतिमाओं के साथ-साथ गौरा पार्वती की मूर्तियां, छीटा, फल-फूल, माला, नारियल, धूप कपूर अगरबत्ती आदि पूजन सामग्री की जमकर खरीददारी हुई आज से घरों में गणपति विराज जाएंगे और सार्वजनिक समितियों द्वारा दसवीं की तिथि तक गणेश प्रतिमाओं की स्थापना का सिलसिला चलेगा। अनंत चौदस के दिन इस त्यौहार का प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ समापन होगा।