जबलपुर। शहर के लॉर्डगंज थाना परिसर से सामने आई एक तस्वीर और वीडियो ने पुलिसिया सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना परिसर में जब्त कर रखी गई सफेद रंग की अर्टिगा कार इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है।
यहां लार्डगंज पुलिस ने आरोपी को तो छोड़ दिया लेकिन कार में हथकड़ी लगा दी| लॉर्डगंज थाना परिसर में खड़ी सफेद अर्टिगा कार में लगी हथकड़ी का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
बताया जाता है कि उक्त मामला शराब पीकर गाड़ी चलाने से जुड़ा है। दरअसल पुलिस ने नशे में धुत कार ड्राइवर प्रथम कुमार के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत केस दर्ज किया था और प्रक्रिया के तहत, ड्राइवर को तो छोड़ दिया गया, लेकिन उसकी कार जब्त कर ली गई।
जब्त की गई अर्टिगा कार को लॉर्डगंज थाना परिसर लाया गया। यहां आमतौर पर वाहनों को सुरक्षित रखने के लिए चेन का इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन ड्यूटी पर तैनात मुंशी ने एक अनोखा कदम उठाते हुए कार के दरवाजे में हथकड़ी लगा दी।
यह कार थाने के सीसीटीवी कैमरे के ठीक सामने खड़ी थी, जिससे यह नजारा कैमरे में भी कैद हो गया। जैसे ही यह वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सामने आईं, लोगों की तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कई लोग इस बात पर हैरान थे कि आखिर एक कार को हथकड़ी कैसे लगाई जा सकती है।
मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने इस पर सफाई दी है। सीएसपी रीतेश शिव ने बताया कि मंगलवार देर रात मारुति अर्टिगा चालक शराब पीकर गाड़ी चलाते पकडा गया था। इस पुलिस ने वाहन चालक पर धारा 185 के तहत कार्रवाई की थी।
इसके बाद सुरक्षार्थ गाड़ी को थाने में खड़ा किया गया था। यहां थाना परिसर में मुंशी के द्वारा कार को सुरक्षा के लिए जंजीर की जगह हथकड़ी लगाया गया था फिर उसे हटाकर उसने बाद में जंजीर लगाई।
उन्होंने स्वीकार किया कि थाने में तैनात मुंशी द्वारा वाहन में चेन न डालकर गलती से हथकड़ी लगा दी गई। सीएसपी के मुताबिक, इस मामले में संबंधित कर्मचारी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और मामले की जांच की जा रही है।