केन्द्रीय परिवहन एवं राज्यमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केन्द्रीय आम बजट सर्वव्यापी सर्वस्पर्शी और सर्व समावेशी है. उन्होंन कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है, मौजूदा बजट विकसित भारत बनाए जाने व अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा. श्री टम्टा अपने जबलपुर प्रवास के दौरान भाजपा संभागीय कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा कर रहे थे. इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, निगमाध्यक्ष रिंकू विज, मीडिया प्रभारी श्रीकांतसाहू, सह मीडिया प्रभारी रवि शर्मा भी मौजूद रहे.
श्री टम्टा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुये कहा कि 2014 के पहले के बजट में राष्ट्रीय चेतना और अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए चिंतन मनन नहीं रहता था। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य, राष्ट्र की सुरक्षा और प्रतिष्ठा के लिए अर्थ नीतियां नहीं थीं। परंतु अब बजट मे इन सभी विषयों मे जनहित का ध्यान रखा जाता है।
पूर्ववर्ती सरकारों के बजट में 80% खर्च नगरीय विकास में होता था, जिससे ग्रामीण विकास की गति काफ़ी धीमी रही । 80% जनता बुरे हाल में रहती थी, परंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संवेदनाओं की यात्रा शुरू हुई और नगरीय क्षेत्र के अलावा ग्रामीण विकास की एक नई इबारत लिखी गई। 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर विविध प्रावधान किए गए।
उन्होंने बजट के संरचना की तारीफ करते हुए कहा कि इसमें समाज के विविध वर्गों गरीब, युवा, किसान और नारी शक्ति के कल्याण की संरचना लिखी गई है।
उन्होंने बताया कि 16 वें वित्त आयोग के तहत मध्यप्रदेश मे ग्रामीण विकास के लिए 41% बजट रखा गया है, जो पिछले साल 4394 करोड़ था, इस साल 6172 करोड़ हो गया है। यदि बेहतर कार्य करेंगे तो आने वाले सालों में 8000 करोड़ तक पहुंचेगा ।
इसका उपयोग अधो संरचना के साथ ही जल संसाधन, पेयजल, स्वच्छता और वाटर रीसोर्सिंग के लिए भी विशेष रूप से किया जाएगा ।