जबलपुर। बोर्ड परीक्षाओं के लिये बच्चों को मानसिक रूप से तैयार करने के लिये शिक्षा विभाग ने 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं की व्यवस्थाओं में बड़ा बदलाव किया है. यह परीक्षाएं अब बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी. शिक्षा विभाग व्यवस्था में बदलाव से बच्चों को 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं की समझा विकसित होगी और उनका आत्म विश्वास भी बढ़ेगा ।
परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया है। नई प्रणाली के तहत प्रश्नपत्र अब स्कूलों में रखने के बजाय सीधे संबंधित पुलिस थानों में सुरक्षित रखे जाएंगे।
परीक्षा के दिन केंद्राध्यक्ष की उपस्थिति में ही प्रश्नपत्रों के बंडल थाने से प्राप्त किए जाएंगे और परीक्षा शुरू होने से 1 घंटे पहले ही उन्हें खोला जा सकेगा।
शिक्षा विभाग का मानना है कि इस नई व्यवस्था से प्रश्नपत्र लीक होने और नकल जैसी अनियमितताओं की संभावनाओं को काफी हद तक समाप्त किया जा सकेगा।
परीक्षा की समय-सारणी जारी..
शिक्षा विभाग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा 11वीं की परीक्षाएं 23 फरवरी से 17 मार्च तक आयोजित होंगी। कक्षा 9वीं की परीक्षाएं 2 मार्च से शुरू होकर 17 मार्च 2026 तक संचालित की जाएंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं दोपहर की पाली में 1:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होंगी।
बोर्ड पैटर्न पर मूल्यांकन भी होगा ……
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी माध्यमिक शिक्षा मंडल की अंक योजना के अनुरूप किया जाएगा। सभी मूल्यांकन कार्य को 23 मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।