भाई – दूज पर केंद्रीय जेल में उमड़ी बहनों की भीड़, जालीदार खिड़कियों से बहनों ने की कैदियों से मुलाकात

जबलपुर। भाईदूज के पर्व पर केंद्रीय जेल में प्रोटोकॉल और सुरक्षा के तहत जालीदार खिड़की से बहनों की मुलाकात भाईयों से कराई गई| बहनें जेल में बंद अपने भाइयों का हाल-चाल जानने और उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचीं।
जेल प्रशासन ने त्यौहार को देखते हुए मुलाकात के लिए विशेष व्यवस्था की थी। सुरक्षा कारणों से बहनों को अपने भाइयों से सीधे मिलने की अनुमति नहीं दी गई। मुलाकात जालीदार खिड़कियों के माध्यम से कराई गई, जहां बहनों ने दूर से ही भाइयों को तिलक लगाकर आशीर्वाद दिया और शुभकामनाएं दीं।
जेल अधीक्षक के मुताबिक वर्ष भर में केवल रक्षाबंधन के अवसर पर ही खुली मुलाकात की अनुमति दी जाती है। अन्य अवसरों पर सुरक्षा के चलते इसी तरह से मुलाकात कराई जाती है।
मुलाकात के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक का समय निर्धारित किया गया था। हालांकि दूर-दराज से आए लोगों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने देर से पहुंचे परिजनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की, ताकि कोई भी बहन बिना अपने भाई से मिले न लौटे।

पुलिस बल रहा तैनात…

होली और रंगपंचमी के अवकाश के कारण जेल परिसर के बाहर सामान्य दिनों से अधिक भीड़ देखने को मिली। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे।