बरगी बांध में नहाने गया युवक डूबा, गोताखोरों के समय पर नहीं पहुंचने पर हंगामा


जबलपुर, । होली खेलने के बाद बरगी बांध जलाशय के जीरो पॉइंट पर बुधवार को नहाने गए युवकों के समूह में शामिल एक 25 वर्षीय युवक देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। इस घटना का दुखद पहलू यह रहा कि सूचना के बाद भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए गोताखोर मौके पर नहीं पहुंचे । इस पर मौके पर जमा युवक के परिजनों व अन्य लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया जिससे काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। बाद में गोताखोर पहुंचे परंतु रात अधिक हो जाने व अंधेरा घिरने के कारण गुरुवार की सुबह से पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर लगभग 1 बजे बरगी जैन मंदिर के पीछे रहने वाला शैलेश नेमा अपने दोस्तों के साथ होली खेलने के बाद डेम में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया और संतुलन बिगड़ते ही लहरों में ओझल हो गया। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज गहराई और फिसलन भरे पिचिंग पत्थरों के कारण वे सफल नहीं हो सके।
घटना की खबर फैलते ही जीरो पॉइंट पर लोगों की भीड़ जा पहुंची। वहीं सूचना पाकर पुलिस चौकी बरगी नगर से चौकी प्रभारी सरिता पटेल दल सहित मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मुख्यालय से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। सर्च टीम पहुंची और फर टीम ने देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका। जैसे-जैसे समय बीतता गया, परिजनों का आक्रोश बढ़ता गया। प्रशासन पर लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी के आरोप लगाते हुए घाट पर नारेबाजी की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी अंजुल मिश्रा और थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाइश दी और सुबह फिर से सघन सर्च अभियान चलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित हुई।