जबलपुर, । जबलपुर रेल मंडल के कटनी- बिलासपुर रेल खंड पर कटनी मुड़वारा व न्यू कटनी जंक्शन (एनकेजे) के बीच कोयले से भरी मालगाड़ी के कुछ डिब्बे पटरी से उतर गए। घटना में हालांकि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन इस मार्ग पर रेल यातायात अवरूद्ध हो गया। रेलवे सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कोयला भरी मालगाडी के 4 से ज्यादा डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए। बिलासपुर मार्ग से आ रही मालगाड़ी सुबह 11 बजे कटनी पहुंचने वाली थी। इसी बीच गायत्री नगर आउटर पर मालगाड़ी के पहिए पटरी से उतर गए। खबर लगते ही एनकेजे से रेलवे अधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ बल व जबलपुर से दुर्घटना राहत गाड़ी (एआरटी) मौके पर पहुंच गई। साथ ही जबलपुर से मंडल रेल प्रबंधक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच चुके थे। दोपहर बाद तक रेल ट्रैक से मालगाड़ी के डिब्बे व गिरा हुआ कोयला हटाने का काम किया जाता रहा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जबलपुर में सुबह 10.50 बजे रेलवे ने खतरे का 3 बार सायरन बजाया, जिससे रेल कर्मचारियों के साथ-साथ सायरन की आवाज सुनने वाले आम लोगों में भी किसी रेल दुर्घटना की आशंका से हड़कम्प मच गया।
बताया जाता है कि कटनी मुड़वारा-एनकेजे लाइन में मालगाड़ी (बॉक्स एन) दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसके चलते जबलपुर से भी दुर्घटना राहत गाड़ी रवाना की गई है। बताया जाता है कि दुर्घटना के कारण कई डिब्बे लाइनों में इधर-उधर हो गये, कई के तो पहिये तक निकल गये जिससे यातायात प्रभावित होने के अलावा, रेल लाइन, ओएचई को भी नुकसान पहुंचा है। इस मेन लाइन पर दुर्घटना के कारण रेल संचालन ठप हो गया जिसके बाद रेल प्रशासन ने फ्लाईओवर रेलमार्ग से यातायात को बहाल करने की कबायद की।
सीनियर डीसीएम, जबलपुर रेल मंडल. डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि कटनी मुड़वारा-एनकेजे के बीच गुड्स ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त हुई जिससे इस रास्ते रेल यातायात प्रभावित हुआ जिसे बहाल करने तमाम जरुरी कदम उठाए गए है।
ये रेलगाड़िया प्रभावित ……….
इस दुर्घटना के बाद कुछ गाड़ियों को मार्ग बदलकर चलाया गया| गाड़ी संख्या 18009 संतरागाछी-अजमेर साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन जो प्रारम्भिक स्टेशन संतरागाछी मार्ग से होते रास्ते को वाया कटंगी खुर्द रेलवे स्टेशन से हरदुआ रेलवे स्टेशन के बीच ग्रेड सेपरेटर मार्ग से होकर चलाया गया। इसी तरह गाड़ी संख्या 11448 हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस ट्रेन जो प्रारम्भिक स्टेशन हावड़ा को वाया न्यू कटनी जंक्शन-कटनी से होकर जबलपुर पहुँची। गाड़ी संख्या 11265 जबलपुर-अम्बिकापुर इण्टरसिटी एक्सप्रेस प्रारम्भिक स्टेशन जबलपुर से चलकर वाया कटनी-एनकेजे होकर गंतब्य को पहुंची| इसी तरह गाड़ी संख्या 11266 अम्बिकापुर-जबलपुर इण्टरसिटी एक्सप्रेस प्रारम्भिक स्टेशन अम्बिकापुर से चलकर वाया एनकेजे-कटनी होकर जबलपुर पहुँची।
शार्ट टर्मिनेट/शार्ट ओरजिनेट रेलगाड़ियाँ ………….
गाड़ी संख्या 68747 बिलासपुर-कटनी मेमू ट्रेन झलवारा रेलवे स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट किया गया है। झलवारा से कटनी के बीच आंशिक निरस्त रही। गाड़ी संख्या 68748 कटनी-बिलासपुर मेमू ट्रेन झलवारा रेलवे स्टेशन पर शार्ट ओरजिनेट किया गया है। अर्थात कटनी से झलवारा के बीच आंशिक निरस्त रहेगी। गाड़ी संख्या 61601 कटनी- चिरमिरी मेमू ट्रेन झलवारा रेलवे स्टेशन पर शार्ट ओरजिनेट किया गया है। गाड़ी संख्या 61602 चिरमिरी-कटनी मेमू ट्रेन झलवारा रेलवे स्टेशन पर शार्ट टर्मिनेट किया गया है। अर्थात झलवारा से कटनी के बीच आंशिक निरस्त रही।