एनीमिया पर जागरूकता से ही लग सकती है रोक: राज्यपाल मंगु भाई पटेल

इंदौर। समाज में एनीमिया के प्रति व्यापक जागरूकता लाने के उद्देश्य से 12 दिवसीय एनीमिया जागरूकता रथ अभियान की शुरुआत मंगलवार को की गई। इस रथ को इंदौर शहर में जनजागरूकता के लिए भ्रमण हेतु मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि डॉ. ए.के. द्विवेदी द्वारा संचालित यह एनीमिया जागरूकता रथ समाज में इस बीमारी के प्रति व्यापक चेतना फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि एनीमिया की रोकथाम जागरूकता से ही संभव है तथा इस प्रकार के अभियान समाज के सभी वर्गों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

यह अभियान सांसद सेवा प्रकल्प इंदौर, आयुष मेडिकल वेलफेयर फाउंडेशन एवं एडवांस्ड होम्योपैथिक सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में तथा होम्योपैथिक मेडिकल एसोसिएशन ऑफ इंडिया की राज्य शाखा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. ए.के. द्विवेदी के मार्गदर्शन में संचालित इस जागरूकता कार्यक्रम में जबलपुर शाखा से राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. आर.के. गुप्ता, प्रांतीय महामंत्री डॉ. अवधेश भट्ट, प्रांतीय कोषाध्यक्ष डॉ. अल्केश खत्री, डॉ. तुलाराम लड़िया, डॉ. वीरेंद्र साहू, डॉ. रविशंकर नामदेव, डॉ. विकास विश्वकर्मा, डॉ. वत्सल उपाध्याय सहित अन्य चिकित्सक इंदौर पहुंचकर सहभागिता प्रदान करेंगे।

पदाधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार का एनीमिया जागरूकता अभियान शीघ्र ही जबलपुर में भी आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों को एनीमिया के प्रति जागरूक किया जा सके।