जबलपुर। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र करमचंद चौक के समीप सोमवार की देर रात एक कपड़े और इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में भीषण आग लग गई, जिसमें करोड़ो रुपए का नुकसान बताया गया| आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट होने की संभावना बताई जा रही है|
पूरी रात दमकल वाहन पानी ले लेकर आग बुझाने दौड़ते रहे| रात 11.30 बजे से सुबह 8 बजे तक 6 दमकल वाहन करीब 50 ट्रिप पानी लेकर पहुंचे तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका| 10 घंटे की मशक्कत के बाद आग नियंत्रित हो सकी| नगर निगम के दमकल सूत्रों के मुताबिक देर रात 2 बजे सुरक्षा संस्थान से हाईटैक फायर वाहन भी बुलाये गए थे, इस वाहन में घटना स्थल के आसपास भवनों में बारिश की ताकि आग को फैलने से रोका जा सके|
नगर दमकल विभाग ने बताया कि करमचंद चौक के पास स्थित तीन मंजिला भवन में स्थित इलेक्ट्रानिक्स की दुकान म्यूजिक प्लेस और ऊपर कपड़े की दुकान अतिथि क्लॉथ में देर रात 11 बजे आग लगने की सूचना मिली, उसके बाद नगर निगम के वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरु किया|
आग की विकरालता को देखते हुए एक के बाद एक 6 दमकल वाहन पहुंचे उसके साथ ही सुरक्षा संस्थान को हाईटेक फायर बिग्रेड वाहन भी बुलवाया गया, जिसने बिल्डिंग के चारों और बारिश जैसी पानी की बौछार की, जिसके बाद आग को पूरी तरह से कंट्रोल किया गया है।
सुबह लगभग 8 बजे तक फायर अमला आग बुझाने में जूझता रहा है। इनके साथ ही 4 थानों की पुलिस, बिजली कर्मचारी और पूर्व विधायक विनय सक्सेना, पार्षद अयोध्या तिवारी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने स्तर पर हरसंभव मदद के लिए जुटे रहे है।
घटना को लेकर करमचंद चौक स्थित म्यूजिकल पैलेस और सिमराज स्पोटर्स के मालिक राजेश गंगवानी ने बताया कि सोमवार रात करीब 9:30 वह दुकान, गोदाम बंद कर घर चले गए थे। आग लगने की सूचना पर करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंचे तो आग ने दुकानों को तबाह कर दिया था। आग दुकान में कैसे लगी फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। दुकान पहुंचने से पहले ही फायर अमला मौके पर पहुंचते हुए आग बुझाने का प्रयास कर रहा था। राजेश गंगवानी का कहना है कि आग में करीब 2 करोड़ रूपए से अधिक का नुकसान हुआ है।
कुछ देर में म्यूजिकल पैलेस की आग ऊपरी हिस्से में स्थित सरल जैन की अतिथि कलेक्शन में पहुंची और वहां रखे कपड़ों में आग लग गई जिसने विकराल रूप ले लिया। यहां सूट शेरवानी, से लेकर अन्य कपडों का बंपर स्टाक था। शो रूम के साथ ही गोदाम भी था। आग से अंदर रखे कपडे पूरी तरह खाक हो गई दुकान संचालक अभी आग से नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।
बताया जाता है कि जिस स्थान पर आग लगी है वहां तक दमकल वाहनों और कर्मचारियों की सीधी पहुंच नहीं होने के कारण आग बुझाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों में प्लास्टिक, कपड़े और अन्य जल्दी आग पकडने वाली सामग्री होने से पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया था। 10 घंटे से अधिक रहवासी क्षेत्र के लोग दहशत में रहे । बताया जाता है कि जिस मार्केट में आग लगी उसके पास आधा दर्जन से अधिक घर है और अस्पताल भी है।