प्रदेश में 3 माह के भीतर लीज होल्ड भूमि होगी फ्री-होल्ड
भोपाल । मध्यप्रदेश विधानसभा में आज जबलपुर उत्तर-मध्य से विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने क्षेत्र के 5,000 से अधिक परिवारों की लीज होल्ड भूमि को फ्री-होल्ड कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। विधायक द्वारा लगाए गए तारांकित प्रश्न पर चर्चा के दौरान नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आगामी तीन माह के भीतर कार्यवाही पूर्ण करने का बड़ा आश्वासन दिया है।
विधायक डॉ अभिलाष पाण्डेय ने विधानसभा में प्रश्न उठाते हुए कहा कि उत्तर मध्य विधानसभा अंतर्गत सुभद्रा कुमार चौहान, भवानी प्रसाद तिवारी, स्वामी दयानंद सरस्वती एवं राममनोहर लोहिया वार्ड में निवासरत 5 हजार परिवारों को लीज होल्ड भूमि की समस्या का सामना करना पड़ रहा है ,इसके अलावा लीज होल्ड होने से अनेक प्रकार की विसंगतियां एवं नियमों में स्पष्टता न होने की वजह से बेवजह का भटकाव एवं असुविधा का सामना करना पड़ता है,डॉ पाण्डेय ने कहा कि इस विषय में ठोस कदम उठाकर समस्या को दूर किया जाए और नियमों को जनता के लिए सुविधाजनक बनाया जाए।
मध्यप्रदेश शासन की ओर से नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि नियमों के सरलीकरण के लिए वे स्वयं सभी नगर निगम कमिश्नरों की बैठक लेंगे और 3 महीने में इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा।