श्रेष्ठता कायम रखने नए कार्मिकों की चुनौती, नवागत इंजीनियरों को एम.डी. तिवारी ने बताये श्रेष्ठता के मूलमंत्र


जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) में 46 नवनियुक्त कार्मिकों ने कंपनी में अपनी औपचारिक उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें 7 महिला जूनियर इंजीनियर और कंपनी के इतिहास में पहली बार नियुक्त की गई एक महिला सिविल अटेंडेंट भी शामिल हैं। इन सभी कार्मिकों को पिछले दिनों भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए थे।


एम.पी. ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने इन नये कार्मिकों का स्वागत करते हुये उनसे परिचय प्राप्त किया। प्रबंध संचालक ने नवागत जूनियर इंजीनियरों को संबोधित करते हुये कहा कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) देश की सर्वश्रेष्ठ पावर कंपनियों में से एक है, जिसका एक मुख्य कारण यहां कार्य करने का एक सकारात्मक वातावरण है।

अतः सभी के सामने इस श्रेष्ठता को कायम रखने की चुनौती रहेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी में जूनियर इंजीनियर का दायित्व किसी भी एक विशेष क्षेत्र तक सीमित नही है, बल्कि उनके पास नवीनतम टेक्नालॉजी के साथ एम.पी. ट्रांसको के किसी भी क्षेत्र में कार्य करने का एक महत्वपूर्ण अवसर रहेगा।

जीरो एक्सीडेंट पालिसी को दें सर्वोच्च प्राथमिकता……

प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने नवागत इंजीनियरो से कंपनी की जीरो एक्सीडेंट पालिसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये अपना कैरियर प्रारंभ करने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सामान्यतः देश में एक्स्ट्रा हाईटेंशन सबस्टेशनों के इंचार्ज सहायक अभियंता स्तर के अधिकारी होते है, पर एम.पी. ट्रांसको ने इससे आगे बढ़ते हुये जूनियर इंजीनियरों को महत्व देकर उन्हें सबस्टेशनों का इंचार्ज बनाने का एक सफल प्रयोग किया है।

इसके अलावा जूनियर इंजीनियरों को फील्ड में कार्य संपादित कराने की जिम्मेदारी भी दी गई है। जूनियर इंजीनियर प्रबंधन और फील्ड कार्मिकों के बीच की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।


एम.पी. ट्रांसको के मुख्य अभियंता धीरेंद्र सिंह के अनुसार, नवनियुक्त कार्मिकों में 27 कनिष्ठ अभियंता (ट्रांसमिशन) और 19 सिविल अटेंडेंट शामिल हैं। सभी को आवश्यक प्रशिक्षण देकर जल्द ही विभिन्न स्थानों पर पदस्थ किया जाएगा।

इन नई नियुक्तियों से तकनीकी कार्यों में तेजी आएगी और मैदानी अमले को कार्य करने में अधिक सहजता व सहयोग मिलेगा।