जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम सिलुआ रमनपुर में एक किसान ने अपने खेत में लगी राहर की फसल के बीच गांजे के पेड़ उगा रखे थे। मुखबिर से मिली सूचना पर बरगी पुलिस ने खेत में दबिश देकर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ लिया। पुलिस ने मौके से गांजे के 12 पेड़ उखाड़कर कुल 7 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।बरगी थाना प्रभारी नीलेश दोहरे ने बताया कि 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिलुआ रमनपुर निवासी सुम्मेरा गौंड (50) पिता बसोरी लाल गौंड ने अपने खेत में गांजे के पेड़ लगा रखे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। यहां मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति मिला, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो राहर की फसल के बीच गांजे के 12 पेड़ लगे मिले। इनकी लंबाई करीब ढाई से सात फीट तक थी। पुलिस ने पेड़ों को उखाड़कर मिट्टी अलग की और तौल की तो कुल वजन 7 किलो 200 ग्राम निकला। जब्त गांजे की कीमत करीब एक लाख रुपये आंकी गई है।पुलिस ने आरोपी सुम्मेरा गौंड के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।कार्रवाई में उप निरीक्षक अनिल कुमार, आलोक सिंह, प्रधान आरक्षक प्रभूदयाल डेहरिया तथा आरक्षक मिथलेश, सुधीर और उमाशंकर डेहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।