जबलपुर। गोसलपुर के पास सोनम ढाबे पर ठहराव के दौरान राजहंस ट्रेवल्स की बस से रीवा यातायात में पदस्थ एक सब इंस्पेक्टर का 14 लाख रुपये से भरा बैग रहस्यमय तरीके से गायब हो गया। एसआई ने बस की सीट पर बैग रखा था और कुछ देर के लिए नीचे उतरे थे। लौटने पर बैग गायब मिला। काफी तलाश और पूछताछ के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर गोसलपुर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गोसलपुर थाना प्रभारी भावना तिवारी के अनुसार रीवा यातायात में पदस्थ सब इंस्पेक्टर शिवनरेश तिवारी गुरुवार रात राजहंस ट्रेवल्स की बस से रीवा से नागपुर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे बस गोसलपुर हाईवे स्थित सोनम ढाबे पर कुछ देर के लिए रुकी। इस दौरान बस में सवार यात्री टॉयलेट जाने के लिए नीचे उतरे। एसआई तिवारी भी अपना बैग सीट पर छोड़कर नीचे चले गए। कुछ देर बाद जब वह लौटे तो सीट से बैग गायब था।उन्होंने बस में मौजूद यात्रियों से पूछताछ की और पूरे बस में बैग की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। यात्रियों ने भी बैग के संबंध में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद एसआई ने गोसलपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही बस चालक और परिचालक से पूछताछ कर रही है। बैग में रखी 14 लाख रुपये की रकम के संबंध में भी जांच की जा रही है।