एमपीपीजीसीएल की दो ताप विद्युत इकाइयों ने लगातार 100 दिन बिजली उत्पादन कर बनाया रिकॉर्ड

जबलपुर। मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी (एमपीपीजीसीएल) की दो ताप विद्युत इकाइयों ने लगातार 100 दिनों तक बिजली उत्पादन कर परिचालन विश्वसनीयता और कार्यकुशलता का नया रिकॉर्ड बनाया है। इनमें श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह दोंगलिया की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-4 और संजय गांधी ताप विद्युत गृह बिरसिंगपुर की 500 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट नंबर-5 शामिल हैं। दोनों इकाइयों की इस उपलब्धि को प्रदेश के विद्युत उत्पादन क्षेत्र में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-4 ने 16 जुलाई 2026 से लगातार 100 दिनों तक संचालन किया, जबकि संजय गांधी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-5 ने 22 जुलाई 2026 से यह उपलब्धि हासिल की। दोनों इकाइयों के बेहतर प्रदर्शन में तकनीकी दक्षता, नियमित संधारण और कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों की अहम भूमिका रही।श्री सिंगाजी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-4 ने इस अवधि में 88.61 प्रतिशत प्लांट अवेलेबिलिटी फैक्टर (पीएएफ) और 79.22 प्रतिशत प्लांट लोड फैक्टर (पीएलएफ) दर्ज किया। वहीं, ऑक्जिलरी पावर कंजम्पशन (एपीसी) 5.16 प्रतिशत रहा। दूसरी ओर संजय गांधी ताप विद्युत गृह की यूनिट नंबर-5 ने 98.26 प्रतिशत पीएएफ और 97.92 प्रतिशत पीएलएफ हासिल किया। इस दौरान उसका एपीसी 5.71 प्रतिशत रहा। संजय गांधी ताप विद्युत गृह की यूनिट का 97.92 प्रतिशत पीएलएफ विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।एमपीपीजीसीएल के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह ने इस उपलब्धि पर दोनों विद्युत गृहों के अभियंताओं, तकनीकी कर्मचारियों और संचालन एवं संधारण टीमों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, तकनीकी दक्षता और आपसी समन्वय से यह सफलता मिली है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी विद्युत इकाइयों की विश्वसनीयता और दक्षता के उच्च मानक बनाए रखने का आह्वान किया।