दशहरा चल समारोह को लेकर विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने किया मार्ग का सघन निरीक्षण

जबलपुर, आगामी दशहरा पर्व एवं ऐतिहासिक दशहरा चल समारोह को गरिमामय, भव्य एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने प्रशासनिक अमले, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों तथा रामलीला समिति के पदाधिकारियों के साथ पूरे चल समारोह मार्ग का विस्तृत एवं सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी (SDM), नगर पुलिस अधीक्षक (CSP), नगर निगम उपायुक्त, जिला स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO प्रतिनिधि) सहित विद्युत, लोक निर्माण एवं यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

*सचल शौचालय एवं स्वच्छता व्यवस्था*
चल समारोह में शामिल होने वाले लाखों श्रद्धालुओं और मातृशक्ति की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक डॉ. पाण्डेय ने नगर निगम अधिकारियों को मार्ग के प्रमुख और सुलभ स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सचल शौचालय (Mobile Toilets) स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही पूरे मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने, नियमित कचरा उठाने और चूना-डस्टिंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
स्वास्थ्य सुरक्षा और आकस्मिक *चिकित्सा सेवा*
स्वास्थ्य की दृष्टि से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समारोह के साथ विशेष रूप से ‘108 एम्बुलेंस’ निरंतर साथ चलेगी। इसके अतिरिक्त मार्ग के विभिन्न संवेदनशील एवं प्रमुख चौराहों पर डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की विशेष टीमें प्राथमिक उपचार किट व आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं के साथ मुस्तैद रहेंगी।
*विद्युत तारों को दुरुस्त और ऊंचा करना*
समारोह में निकलने वाले ऊंचे विमानों, झांकियों और ध्वजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्युत विभाग को पूरे रूट पर लटकते हुए तारों को तत्काल ऊपर खींचने (टाइट करने) और खुले तारों का मेंटेनेंस पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार के हादसे की कोई गुंजाइश न रहे।
*सुगम यातायात एवं सुरक्षा प्रबंध*
चल समारोह के दौरान आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और ट्रैफिक विभाग को रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग और पार्किंग स्थलों का सुव्यवस्थित प्लान तैयार करने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल और वॉच टावर की व्यवस्था रहेगी।समन्वय से पर्व को बनाएंगे ऐतिहासिक: डॉ. अभिलाष पाण्डेयनिरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. अभिलाष पाण्डेय ने कहा कि दशहरा पर्व हमारी सनातन संस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। संस्कारधानी का दशहरा चल समारोह पूरे प्रदेश में अपनी भव्यता और अनुशासन के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, “हमारा संकल्प है कि समारोह में सम्मिलित होने वाले किसी भी श्रद्धालु, माता-बहनों और समिति के सदस्यों को कोई असुविधा न हो। प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और आयोजन समितियां एक टीम भावना के साथ काम कर इस आयोजन को सुरक्षित, स्वच्छ और ऐतिहासिक रूप प्रदान करेंगी।”इस अवसर पर दुर्गा उत्सव समितियों एवं रामलीला समिति के पदाधिकारियों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे, जिस पर विधायक ने अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।