जबलपुर रिछाई में पारले-जी बिस्किट फैक्ट्री में भीषण आग से मची भगदड़, बाहर निकाले गए कर्मचारी और मजदूर


जबलपुर। शहर के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र स्थित पारले-जी बिस्कुट की फ्रेंचाईजी फैक्ट्री में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। दोपहर करीब 2:15 बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री से उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं।
फैक्ट्री में पैकेजिंग सामग्री, खाद्य तेल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैली। एहतियात के तौर पर सभी कर्मचारियों और मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रिछाई थाना पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

8 दमकल वाहन राहत-बचाव कार्य में जुटे………..

फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही नगर निगम के दमकल विभाग ने गाड़ियां मौके पर रवाना कीं। आधारताल थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। आठ से अधिक दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे रहे। भारी धुएं के कारण आसपास के इलाके में दृश्यता कम हो गई थी, जिससे राहत कार्य में दिक्कत आई। दमकलकर्मी आग को आसपास फैलने से रोकने की कोशिश करते रहे। आग बुझाने के साथ परिसर में बचाव अभियान भी चलाया गया।

जनहानि नहीं……………

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज ने बताया कि रिछाई औद्योगिक क्षेत्र आधारताल थाना क्षेत्र में आता है। उनके अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

लाखों का नुकसान…………….

प्रारंभिक जानकारी में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। फायर बिग्रेड और पुलिस ने साफ किया है कि असल कारण एफएसएल टीम की जांच के बाद ही पता चल सकेगा। नुकसान का आकलन अभी नहीं हो पाया| प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक मशीन यूनिट को बचा लिया गया है, पैकेजिंग, कच्चा व तैयार माल और बिल्डिंग स्ट्रक्चर को काफी क्षति पहुंची हैं| अनुमान है कि 40 से 50 लाख से अधिक का नुकसान पूरा होगा|

आग की लपटों के बीच दमकल का मोर्चा……….

अधारताल थाना क्षेत्र के रिछाई इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फैक्ट्री में आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर हलचल तेज हो गई। फैक्ट्री से निकलता घना काला धुआं दूर-दूर तक नजर आने लगा। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने कई वाहनों की मदद से मोर्चा संभाला और लपटों को फैलने से रोकने के प्रयास शुरू किए। आग पर नियंत्रण पाने के लिए दमकल टीमों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

कर्मचारियों को निकाला, टला बड़ा हादसा……….

आग लगने के दौरान फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के घायल होने या जनहानि की खबर सामने नहीं आई।