नर्मदा में स्नान-पूजन के लिए निकली महिला का 2 दिन बाद मिला शव


जबलपुर। तिलवारा थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनी निवासी 45 वर्षीय लक्ष्मी उर्फ गुड्डन यादव का शव सोमवार को लम्हेटा स्थित सिद्ध घाट पर नर्मदा नदी में उतराता मिला। वह 17 अक्टूबर की सुबह नर्मदा तट पर स्नान और पूजा-अर्चना के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। करीब 40 घंटे बाद उनका शव मिलने से गांव में शोक का माहौल है।


पुलिस के मुताबिक, लक्ष्मी यादव 17 अक्टूबर की सुबह करीब 11 बजे रोजाना की तरह नर्मदा तट पर स्नान और पूजन के लिए घर से निकली थीं। दोपहर एक बजे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने घाट पर जाकर तलाश की तो वहां लक्ष्मी के कपड़े और पूजा की सामग्री रखी मिली। आसपास खोजबीन करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने तिलवारा थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

नदी में चलाया गया तलाश अभियान…………

महिला के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने नर्मदा नदी में तलाश शुरू की। नदी के गहरे पानी और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आई। इसके बाद एसडीआरएफ, पुलिस दल और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी रखी गई।

सिद्ध घाट पर मिला शव…………

सोमवार दोपहर करीब 12 बजे लम्हेटा के सिद्ध घाट पर नदी में महिला का शव उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे एसडीआरएफ दल, पुलिसकर्मियों और स्थानीय गोताखोरों ने शव को पानी से बाहर निकाला। शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई।