स्वच्छता का रखा जाएगा ध्यान, भंडारा स्थलों की सफाई पर समिति रखेगी नजर

**जबलपुर।** स्वर्गीय इंजीनियर पंडित श्री देवेंद्र दुबे की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में नवरात्रि के दौरान दुर्गा स्थापना स्थलों पर आयोजित होने वाले भंडारों में स्वच्छता बनाए रखने, धार्मिक आयोजनों की मर्यादा का ध्यान रखने तथा विसर्जन जुलूस में धार्मिक गीतों को प्राथमिकता देने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि दुर्गा प्रतिमा स्थापना स्थलों पर आयोजित होने वाले भंडारों के दौरान गंदगी न फैले, इसके लिए समिति के सदस्य निगरानी रखेंगे। भंडारा स्थलों पर कचरा एकत्र करने के लिए डस्टबिन रखे जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर आयोजित भंडारों के बाद जमा होने वाले कचरे की सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया, ताकि धार्मिक आयोजनों के दौरान स्वच्छता बनी रहे।गोष्ठी में प्रतिमा विसर्जन के दौरान बजाए जाने वाले गीतों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि विसर्जन जुलूस में धार्मिक गीतों के स्थान पर कई बार अन्य प्रकार के गाने बजाए जाते हैं, जो धार्मिक आयोजनों की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं। ऐसे अवसरों पर धार्मिक गीतों को ही प्राथमिकता दी जानी चाहिए। कुछ स्थानों पर बजाए जाने वाले फूहड़ गीतों से धार्मिक आस्था और भावनाएं आहत होने की आशंका भी जताई गई।बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि शोभायात्रा के दौरान अथवा प्रतिमा स्थापना स्थलों पर प्रदर्शित की जाने वाली चल-चित्र झांकियां एवं अन्य प्रस्तुतियां ज्ञानवर्धक, धार्मिक और मनोरंजक होनी चाहिए। इनमें विवादित अथवा आपत्तिजनक सामग्री से बचने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

**स्वच्छता रखने वाली समितियां होंगी सम्मानित**

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, जिन समितियों द्वारा भंडारा स्थलों की साफ-सफाई की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, उन्हें भगवान परशुराम वंशज समिति की ओर से सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आयोजनों के साथ स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।श्रद्धांजलि सभा एवं विचार गोष्ठी में पंडित योगेंद्र दुबे, पंडित अटल उपाध्याय, शेखर मिश्रा, विवेक शुक्ला, अरुण शाह, एस.के. श्रीवास्तव, माइकल मसीह, संजय यादव, आलोक अग्निहोत्री, बृजेश मिश्रा, मुकेश सिंह, अजय दुबे, विनय नामदेव, इंद्रप्रताप यादव एवं श्रीमती संध्या पाठक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।