राष्ट्रीय पोषण माह के तहत आयुष शिविरों का आयोजन, 2250 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ

जबलपुर। मध्यप्रदेश शासन के आयुष विभाग द्वारा जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना चौहान के मार्गदर्शन में नौवें राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत जिलेभर में आयुष शिविरों का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और उनके अभिभावकों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। आयोजित शिविरों से लगभग 2250 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।पोषण माह की नोडल अधिकारी डॉ. अनुपमा वर्मा ने बताया कि इस वर्ष की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी”के अनुरूप जिले के समस्त आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, आयुष औषधालयों एवं चिकित्सालयों में कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए। इसके तहत आंगनवाड़ी केंद्रों में योग एवं ध्यान सत्र, खेलकूद गतिविधियां और पोषण रैलियां आयोजित कर लोगों को संतुलित आहार तथा स्वस्थ जीवनशैली का महत्व बताया गया। साथ ही गर्भवती महिलाओं एवं बालक-बालिकाओं को पोषण संबंधी परामर्श भी दिया गया।

आयुष विभाग द्वारा 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चले पोषण माह के दौरान आहार में विविधता और पर्याप्त प्रोटीन की उपलब्धता, आंगनवाड़ी केंद्रों में ताजा एवं विविधतापूर्ण गर्म पके भोजन, सामुदायिक सहभागिता एवं जवाबदेही जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा बच्चों के पोषण, प्रारंभिक विकास से जुड़ी गतिविधियों तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से मातृ स्वास्थ्य के लिए उपलब्ध सहायता के संबंध में भी जागरूकता बढ़ाई गई।आयोजन का उद्देश्य मातृ एवं बाल स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ समुदाय की पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाना और आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति सामुदायिक जिम्मेदारी को मजबूत करना रहा।