बेबी नायरा दुबे एवं श्रेया खंडेलवाल का सम्मान कल


जबलपुर। सैम सीनियर सिटीजन क्लब द्वारा आगामी 5 अक्टूबर 2026, सोमवार को शाम 4 बजे साउथ एवेन्यू मॉल में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में नगर की उभरती हुई विलक्षण बाल प्रतिभा सात वर्षीय बेबी नायरा दुबे अपनी सुरीली आवाज और मनमोहक गायन प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

बेबी नायरा दुबे इससे पूर्व भी विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। बेहद कम उम्र में अलग-अलग गायिकाओं के गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत करने की उनकी प्रतिभा ने अनेक अवसरों पर उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया है।


कार्यक्रम के दौरान बेबी नायरा दुबे को उनकी उल्लेखनीय गायन प्रतिभा के लिए तथा स्वच्छता अभियान की ब्रांड एंबेसडर श्रेया खंडेलवाल को उनके सामाजिक योगदान एवं कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के सेक्रेटरी असीम त्रिवेदी एवं शबनम मसीह (ऑल इंडिया रेडियो ) उपस्थित रहेंगे,

सैम सीनियर सिटीजन क्लब के संयोजक जादूगर एस. के. निगम, व्यापारी संगठन से दीपक सेठी, विंग कमांडर चंदन शर्मा एवं जसवीर चोपड़ा ने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इन प्रतिभाशाली एवं प्रेरणादायी कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।