जबलपुर। कटंगी थाना क्षेत्र के बेलखाडू पुलिस चौकी के तहत मालबाबा मंदिर के सामने स्थित अश्विनी हास्पिटल में ग्राम झागरा निवासी एक युवक की इलाज के दौरान हुई मौत को लेकर उसके परिजनों ने मौके पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरु कर दिया|
परिजनों के मुताबिक तबियत खराब होने पर युवक को अस्पताल लेकर आए थे जहां इलाज के दौरान ही उसकी हालत तेजी से खराब हुई और उसने दम तोड दिया। मामले की खबर मिलते ही कटंगी थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी बल सहित मौके पर पहुंचे तथा ग्रामीणों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद युवक के शव को पीएम के लिए रवाना किया गया। पुलिस के मुताबिक पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का वास्तविक कारण सामने आ सकेगा। इसके बाद ही आगे की कार्यवाही हो सकेगी।
इस संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक बेलखाडू चौकी के तहत झगरा ग्राम से 19 साल के शेखर चौधरी पिता जगदीश चौधरी को उसके परिजन तबियत खराब होने पर इलाज के लिए बेलखाडू में मालबाबा के समीप अश्विनी हास्पिटल में लेकर पहुंचे थे।
बताया जाता है कि यहां इलाज के दौरान ही युवक ने दम तोड दिया। इसके बाद उसके साथ आए परिजनों ने युवक के इलाज में डाक्टरों की लापरवाही को लेकर हंगामा आरंभ कर दिया। उनका कहना था कि जैसे ही यहां उपचार किया गया उसके बाद ही युवक की हालत में तेजी से बिगाड शुरु हुआ परंतु, किसी वरिष्ठ डाक्टर ने इलाज में रुचि नहीं ली और अंतत उसने दम तोड दिया।
उन्होंने डाक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्यवाही की मांग की है। इस हंगामे की जानकारी मिलते ही कटंगी व बेलखाडू पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और उन्होंने परिजनों को समझाया तथा पीएम बाद मामले की जांच का आश्वासन दिया जिसके बाद मामला शांत हुआ।