78 यात्री अनुचित टिकट के साथ पकड़े,

जबलपुर। यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने तथा वैध टिकट के साथ यात्रा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जबलपुर रेल मंडल ने जबलपुर-कटनी रेलखंड पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 78 से अधिक यात्रियों को अनुचित टिकट के साथ यात्रा करते पकड़ा गया, जिनसे रेलवे ने नियमानुसार 66,800 रुपये का राजस्व अर्जित किया।सहायक वाणिज्य प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में चल टिकट निरीक्षकों और रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से यह अभियान चलाया गया। इस दौरान ट्रेन संख्या 13202 का भी निरीक्षण किया गया। कोचों में साफ-सफाई व्यवस्था की जांच कर संबंधित ठेकेदार को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।

पेंट्री कार में मिली अनुपयोगी सामग्री हटवाई

पेंट्री कार के निरीक्षण के दौरान अनुपयोगी सामग्री और उत्पादों को हटवाया गया। खाद्य सामग्री तैयार करने और यात्रियों को परोसते समय निर्धारित स्वच्छता एवं सावधानी के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। जांच के दौरान एक अवैध वेंडर भी पकड़ा गया, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

यात्रियों से लिया सुविधाओं का फीडबैक

टिकट जांच के दौरान रेलकर्मियों ने यात्रियों से संवाद कर रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर फीडबैक भी लिया। यात्रियों से मिले सुझावों के आधार पर सुविधाओं में सुधार करने की बात कही गई।इसके अलावा झुकेही और ननवारा गुड्स शेड का भी निरीक्षण किया गया। यहां मूलभूत सुविधाओं, वाणिज्यिक गतिविधियों, रेल राजस्व से संबंधित अभिलेखों के रखरखाव तथा संरक्षा संबंधी निर्देशों के पालन की स्थिति देखी गई। माल परिवहन से जुड़ी व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया गया।