लता आराधना’ में सुरों ने बांधा समां,

जबलपुर। स्वर कोकिला एवं भारत रत्न लता मंगेशकर जी की जयंती तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की जयंती के पावन अवसर पर सुर साधक समर्पण ग्रुप, जबलपुर द्वारा मानस भवन में आयोजित भव्य संगीतमय कार्यक्रम ‘लता आराधना’ अत्यंत भावपूर्ण, देशभक्ति से ओतप्रोत एवं यादगार रहा।

कार्यक्रम में लता मंगेशकर जी के सदाबहार गीतों के साथ देशभक्ति से जुड़े गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को सुरों और भावनाओं से भर दिया। कई प्रस्तुतियों के दौरान श्रोता भाव-विभोर नजर आए, वहीं कुछ देशभक्ति गीतों ने उपस्थित लोगों के रौंगटे खड़े कर दिए। लता जी के अमर गीतों के माध्यम से उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई, वहीं शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी की स्मृति को देशभक्ति गीतों के माध्यम से नमन किया गया।

लाइव संगीतमय संध्या में सा-रे-गा-मा-पा विजेता एवं प्रसिद्ध पार्श्व गायिका इशिता विश्वकर्मा ने अपनी मखमली और मनमोहक आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। 

उनके साथ तेजल विश्वकर्मा, श्रेया खरे देसाई, जिया प्रथवानी नोतनानी, नायरा दुबे, रवि शुक्ला, रमेशपुरी गोस्वामी, भूपेन्द्र सिंह, सैमसंग जैकब, संगीता उपाध्याय, संध्या पाटकर, विनीता पैंगवार, डॉ. अनिल कोरी एवं राजा बेंज सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

सात वर्षीय नायरा दुबे ने अपनी सुरीली आवाज से जीता सभी का दिल…..

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 7 वर्षीय नायरा दुबे रहीं। नायरा ने अपनी मासूम, सुरीली और भावपूर्ण आवाज में लता मंगेशकर जी के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित श्रोताओं का दिल जीत लिया। इतनी कम उम्र में लता जी के गीतों को जिस आत्मविश्वास और भाव के साथ नायरा ने प्रस्तुत किया, उसकी दर्शकों ने जमकर सराहना की। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों की गूंज से गूंज उठा।

देशभक्ति गीतों ने बढ़ाया कार्यक्रम का भावनात्मक रंग…..

कार्यक्रम में प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने श्रोताओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल किया। शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी के बलिदान को याद करते हुए प्रस्तुत गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। वहीं लता जी के सदाबहार गीतों ने उनकी अमर गायकी की यादों को एक बार फिर जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम में संगीत ‘सुनहरे पल म्यूजिक बैंड’ द्वारा दिया गया। म्यूजिशियन संजीत बिरहा, पंकज बिरहा, प्रमोद बिरहा एवं महेंद्र सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अमित परनामी एवं श्रेया खंडेलवाल ने प्रभावी एवं आकर्षक अंदाज में किया।

महापौर सहित गणमान्य अतिथियों की रही गरिमामयी उपस्थिति………

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, कार्यक्रम अध्यक्ष नगर निगम अध्यक्ष रिंकुज विज तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व एम.आई.सी. सदस्य एवं पार्षद कमलेश अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने कलाकारों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन की प्रशंसा की तथा लता मंगेशकर जी एवं शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी को समर्पित इस आयोजन को भावपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम के आयोजक तुलसी नारायण राय ने कहा कि ‘लता आराधना’ का उद्देश्य स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी की अमर संगीत विरासत को याद करते हुए उन्हें सुरों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा शहीद-ए-आजम भगत सिंह जी के देश के प्रति अमूल्य योगदान को नमन करना था। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को श्रोताओं से मिले उत्साह, स्नेह और सराहना ने आयोजन को विशेष बना दिया।

कलाकारों का किया गया सम्मान………..

कार्यक्रम के दौरान सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक अविनाश कुमार, उप क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक कुमार एवं मुख्य प्रबंधक शशांक मिश्रा द्वारा कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों को सम्मानित किया गया।