जबलपुर। शहर व पूर्व विधानसभा क्षेत्र में बढ़ते अपराधों के खिलाफ कांग्रेस विधायक पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया के नेतृत्व में मंगलवार को एसपी कार्यालय का घेराव किया गया। घेराव रैली में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में घमापुर से एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए एसपी कार्यालय पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए अंदर घुसने की कोशिश की, जिस पर पुलिस से झड़प हो गई, इस दौरान पुलिस ने वॉटर केनन का इस्तेमाल कर भीड़ को नियंत्रित किया और प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी भी की, जिन्हें बाद में रिहा भी कर दिया।
प्रदर्शनकारी शहर में हत्या, लूट, चाकूबाजी और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। युवा कांग्रेस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की मांग की।
विधायक एवं पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया ने आरोप लगाया कि जबलपुर में हत्या और लूट जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जबकि पुलिस अपराधों पर प्रभावी अंकुश नहीं लगा पा रही है। उन्होंने कहा कि शहर में अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशीले पदार्थों का कारोबार बढ़ रहा हैं| गोलीबारी, चाकूबाजी, अवैध हथियारों की तस्करी नहीं रुक पा रही और आम लोग शिकायत लेकर थाने पहुंचते हैं तो उनकी सुनवाई नहीं होती, बल्कि आवेदन लेकर उन्हें भटकाया जाता है।
श्री घनघोरिया ने आरोप लगाया कि पुलिस की अपराधियों से सांठगांठ के कारण ही अपराध बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस आगे और बड़ा आंदोलन करेगी, और अपराधियों से सांठगांठ करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी संगठन आवाज उठाएगा।
भारी पुलिस बल रहा तैनात…………
प्रदर्शन को देखते हुए एसपी कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था और मुख्य गेट को बंद कर बैरिकेडिंग की गई थी। जब प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग पार कर अंदर जाने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए वाटर कैनन चलाया, जिससे मौके पर कुछ देर तनाव की स्थिति बनी रही। बाद में पुलिस ने कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर स्थिति नियंत्रित कर ली।
ये रहे मौजूद…………
प्रदर्शन में युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया, नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा, वरिष्ठ नेता दिनेश यादव, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, मोह. कदीर सोनी, सतेंद्र कुकरेले, कल्लन गुप्ता, संजय साहू, अभिषेक चंदेल, याकूब अंसारी, सुबोत पहारिया, ताहिर अली, शैंकी सोनकर, वकील अंसारी, अयोध्या तिवारी, संतोष पंडा, हर्षित यादव, मुन्नू पंडा, रितेश अग्रवाल, कीर्ति सिंह ठाकुर, मनोरमा गोलछा, सविता खटीक, सहित हजारों की तदाद में कार्यकर्ता उपस्थित रहे|