गैलेक्सी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग का सफल ऑपरेशन, आयुष्मान योजना से निःशुल्क उपचार

जबलपुर। उखरी रोड स्थित गैलेक्सी मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में जन्मजात हृदय रोग टेट्रालॉजी ऑफ फैलोट (टीओएफ) से पीड़ित मरीज का सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अखिलेश दुबे, डॉ. प्रीतम सांगवान, डॉ. विवेक गुप्ता सहित चिकित्सकीय दल के सामूहिक प्रयास से यह जटिल हृदय शल्यक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हुई। मरीज का उपचार आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया।चिकित्सकों के अनुसार टेट्रालॉजी ऑफ फैलोट जन्मजात हृदय रोग है, जिसमें हृदय की बनावट में चार प्रमुख विकृतियां होती हैं। इनके कारण शरीर में ऑक्सीजनयुक्त और ऑक्सीजन रहित रक्त का मिश्रण होने लगता है, जिससे शरीर के विभिन्न अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। इस बीमारी में बच्चों में त्वचा या होंठों का नीला पड़ना, अचानक ऑक्सीजन की कमी होना और जल्दी थकान जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।टेट्रालॉजी ऑफ फैलोट में हृदय के निचले दोनों कक्षों के बीच की दीवार में छेद होना, फेफड़ों तक रक्त पहुंचाने वाली नली या वाल्व का संकरा होना, महाधमनी का अपने सामान्य स्थान से हटकर हृदय के दोनों कक्षों के बीच बने छेद के ऊपर आ जाना तथा हृदय के दाहिने हिस्से की मांसपेशी का मोटा होना शामिल है।चिकित्सकों ने बताया कि बीमारी की समय पर पहचान और विशेषज्ञ उपचार से मरीज के जीवन की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है। कई मामलों में रोग की गंभीरता के अनुसार शल्यक्रिया की आवश्यकता होती है।चिकित्सकों ने कहा कि टीओएफ जैसे जटिल हृदय रोग के मामलों में समय पर पहचान और उचित शल्यक्रिया महत्वपूर्ण होती है। इस ऑपरेशन में शल्य चिकित्सा, बेहोशी विभाग, नर्सिंग और गहन चिकित्सा इकाई के कर्मचारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्य किया।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने सफल ऑपरेशन में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। मरीज के परिजनों ने भी चिकित्सकों और अस्पताल की टीम के प्रति आभार जताया।