आसमान से बरसीं मछलियां…..! करमेता आईटीआई क्षेत्र में हैरान करने वाला नजारा

जबलपुर। शहर में तेज चक्रवाती बारिश के बीच उस समय लोग हैरान रह गए, जब दिव्य ज्योति परिसर, सूखा तथा करमेता आईटीआई क्षेत्र में बारिश के पानी के साथ आसमान से छोटी-छोटी मछलियां गिरने की बात सामने आई। अचानक हुई इस अजीबोगरीब घटना के बाद इलाके में कौतूहल मच गया। बच्चों ने जमीन पर गिरी मछलियों को बाल्टियों में एकत्रित किया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, क्षेत्र में तेज हवा और बारिश के दौरान अचानक मछलियां गिरती दिखाई दीं। कुछ ही देर में सड़क और आसपास के स्थानों पर छोटी मछलियां नजर आने लगीं। बच्चों और स्थानीय लोगों ने इन्हें बाल्टियों में इकट्ठा कर लिया। घटना के वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।

चमत्कार या मौसम का विज्ञान?

आसमान से मछलियों के गिरने की घटना पहली नजर में किसी चमत्कार से कम नहीं लगती, लेकिन मौसम विज्ञान में ऐसी घटनाओं के पीछे प्राकृतिक कारण भी बताए जाते हैं। दुनिया के कुछ हिस्सों में तेज तूफान के दौरान वॉटरस्पाउट (जल-भंवर) या अत्यधिक तेज हवाओं के कारण पानी के साथ छोटी मछलियों अथवा अन्य जलीय जीवों के ऊपर उठकर दूर तक जाने और फिर बारिश के साथ नीचे गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं।

हालांकि जबलपुर के दिव्य ज्योति परिसर और करमेता आईटीआई क्षेत्र में आज हुई घटना के वास्तविक कारण की अभी स्वतंत्र वैज्ञानिक पुष्टि नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट होना बाकी है कि मछलियां वास्तव में आसमान से गिरीं या तेज हवा/जल प्रवाह के कारण किसी जलस्रोत से यहां पहुंचीं।फिलहाल मछलियों की बारिश की यह घटना क्षेत्र में कौतूहल का विषय बनी हुई है। यदि घटना के दौरान हवा की गति, बारिश की तीव्रता और आसपास के जलस्रोतों की स्थिति का मौसम वैज्ञानिकों द्वारा अध्ययन किया जाए, तो इस रहस्यमयी घटना की असली वजह सामने आ सकती है।