जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर शहर को अवैध निर्माणों और अनधिकृत कॉलोनियों से मुक्त कराने की दिशा में नगर निगम ने बड़ी व ठोस कार्रवाई की है। वार्ड क्रमांक 78 महर्षि वाल्मीकि वार्ड अंतर्गत मौजा/ग्राम बिलपुरा में खसरा नंबर 79 रकबा 0.4700 हेक्टेयर पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर निगम की टीम ने बुलडोजर चलाकर निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। काॅलोनी सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलोनी निर्माणकर्ता वीरपति जाट एवं बतेश डागर को निर्माण स्वीकृति से संबंधित कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय में कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर सक्षम अधिकारियों की स्वीकृति के बाद आज त्वरित कार्रवाई की गयी। कार्रवाई के दौरान न केवल अनधिकृत कॉलोनी के निर्माण को हटाया गया, बल्कि पहुंच मार्ग में शामिल खसरा नंबर 78 की लगभग 0.9300 हेक्टेयर शासकीय भूमि को भी पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करा लिया गया। कार्रवाई के वक्त कॉलोनी सेल और नगर निगम की अतिक्रमण शाखा की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ मौके पर मौजूद रही।