डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर को जल्द मिलेगी रक्षा मंत्रालय की अनुमति

जबलपुर। डुमना एयरपोर्ट रोड के निर्माण एवं उन्नयन तथा एम्पायर टॉकीज चौक से बिलहरी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के निर्माण का रास्ता जल्द साफ होने की उम्मीद है। भारतीय सेना के मध्य भारत एरिया के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल एच.एस. वन्द्रा ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात के दौरान रक्षा मंत्रालय से आवश्यक अनुमति जल्द मिलने का आश्वासन दिया।
गुरुवार को सिविल लाइन स्थित मंत्री राकेश सिंह के निवास पर हुई मुलाकात में जबलपुर के विकास कार्यों के साथ दोनों परियोजनाओं पर चर्चा हुई। दोनों परियोजनाओं के मार्ग के कुछ हिस्से सेना की भूमि से जुड़े होने के कारण रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक है।मंत्री सिंह ने अनुमति प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। इस पर लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने बताया कि इस संबंध में रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है और शीघ्र निराकरण की संभावना है। अनुमति मिलने के बाद दोनों परियोजनाओं के कार्य आगे बढ़ सकेंगे।
सेना की भूमि पर रह रहे लोगों का मुद्दा भी उठा
मुलाकात में सेना की भूमि पर लंबे समय से रह रहे लोगों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। मंत्री सिंह ने मानवीय दृष्टिकोण से ऐसे मामलों में राहत की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया। लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने संवेदनशील मामलों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से विचार करने की बात कही।
हाफ मैराथन का आमंत्रण
लेफ्टिनेंट जनरल वन्द्रा ने अक्टूबर में जबलपुर में होने वाली हाफ मैराथन में शामिल होने के लिए मंत्री सिंह को आमंत्रित किया। मंत्री ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
मुलाकात में जबलपुर के विकास, अधोसंरचना, यातायात व्यवस्था और सेना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।