जबलपुर। गौरीघाट स्थित नर्मदा तट पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निगरानी के लिए तैनात होमगार्ड की पेट्रोलिंग नाव का इंजन अचानक तेज बहाव के बीच बंद हो गया। इंजन बंद होते ही नाव उफनती नर्मदा में बहने लगी। नाव में होमगार्ड के प्रशिक्षु सहित करीब 15 लोग सवार बताए जा रहे हैं।
घटना के दौरान नाव में सवार प्रशिक्षुओं ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी। बताया गया कि होमगार्ड की टीम मोटर चालित नाव से घाट के किनारे पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान अचानक नाव का इंजन बंद हो गया और तेज बहाव के कारण नाव धीरे-धीरे किनारे से दूर बहने लगी। स्थिति बिगड़ती देख नाव में सवार लोगों ने घाट के किनारे मौजूद स्थानीय नाविकों से मदद की गुहार लगाई।
आवाज सुनते ही तीन-चार स्थानीय नाविक अपनी नाव लेकर तत्काल मौके की ओर रवाना हुए। काफी मशक्कत के बाद नाविकों ने होमगार्ड की नाव तक पहुंचकर उसमें सवार प्रशिक्षुओं को अपनी नाव में सुरक्षित बैठाया। इसके बाद रस्सी की मदद से होमगार्ड की खराब नाव को भी खींचकर किनारे लाया गया।
बड़ा हादसा टला
उफनती नर्मदा और तेज बहाव के बीच नाव का इंजन बंद होने से कुछ समय के लिए मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई थी। गनीमत रही कि नाव में सवार लोगों के पास लाइफ जैकेट मौजूद थे और स्थानीय नाविक समय रहते मदद के लिए पहुंच गए। इससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस ने माना—नाव हुई थी फेल
ग्वारीघाट पुलिस के अनुसार होमगार्ड की पेट्रोलिंग नाव फेल हो गई थी, जिसे सुरक्षित रूप से किनारे पर लाया गया है। हालांकि, घटना के दौरान नाव में कितने लोग सवार थे और नाव के इंजन में तकनीकी खराबी किस वजह से आई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
नर्मदा में जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के बीच सुरक्षा व्यवस्था के लिए इस्तेमाल की जा रही नाव के अचानक खराब होने की घटना ने पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।