10 इलेक्ट्रिक बसों का सफल ट्रायल रन; मंत्री राकेश सिंह और महापौर  ‘अन्नू’ ने की पहली यात्रा

जबलपुर।  जबलपुर के सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। शहर में पीएम ई-बस सेवा का ट्रायल रन सफलतापूर्वक पूरा हो गया। वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों की पहली सवारी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने की और बस में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।ट्रायल के दौरान 10 ई-बसें दो प्रमुख रूटों पर चलाई गईं। महापौर के अनुसार शहर में कुल 100 ई-बसों का संचालन प्रस्तावित है, जबकि फिलहाल 40 बसें शहर पहुंच चुकी हैं।

सिविल लाइन से गोरखपुर तक चली ई-बस

ट्रायल के दौरान सिविल लाइन चौक से गोरखपुर मार्ग तक वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस का संचालन किया गया। मंत्री राकेश सिंह और महापौर ने बस में सफर कर इसकी तकनीक, सीटिंग व्यवस्था और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि ई-बस सेवा जबलपुर के नागरिकों के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। इससे शहर में प्रदूषण कम करने के साथ सार्वजनिक परिवहन को सुविधाजनक और आधुनिक बनाने में मदद मिलेगी।

दो रूटों पर शुरू हुआ ट्रायल
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने बताया कि पीएम ई-बस योजना के तहत पहले चरण में दो रूटों पर 5-5 बसों के साथ ट्रायल रन किया गया।ई-1 रूट: मदर टेरेसा नगर से घाना वाया घमापुर। इस रूट में मदर टेरेसा नगर, आईटीआई, दीनदयाल बस स्टैंड, विजय नगर, रानीताल, तीन पत्ती, नौदरा ब्रिज, घंटाघर, कलेक्ट्रेट, रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-6, हाईकोर्ट, घमापुर, रांझी और खमरिया होते हुए घाना तक बस चलेगी।ई-9 रूट: आईएसबीटी से भेड़ाघाट वाया अंधमूक बायपास। इस मार्ग में आईएसबीटी, दमोह नाका, बलदेवबाग, रानीताल, शास्त्री ब्रिज, मदन महल, मेडिकल, धवनत्रि नगर, अंधमूक बायपास, तेवर, त्रिपुरी सुंदरी मंदिर, कुदन, मिरगंज और भेड़ाघाट होते हुए धुआंधार तक बस जाएगी।महापौर के अनुसार अगले चरण में दोनों रूटों पर 20 बसों का संचालन किया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का रखा गया ध्यान

ई-बसों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए कई आधुनिक व्यवस्थाएं की गई हैं। इनमें ऑटोमैटिक पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, रूट डिस्प्ले सिस्टम, व्हीलचेयर लिफ्ट, सीसीटीवी सर्विलांस, एयर सस्पेंशन, फायर डिटेक्शन एवं अलार्म सिस्टम और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
बस में 25 सीटें हैं और यात्रियों के चढ़ने-उतरने के लिए दो ऑटोमैटिक दरवाजे हैं। बसों का आकार सामान्य बसों की तुलना में कॉम्पैक्ट रखा गया है, जिससे शहर की संकरी सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में संचालन आसान होगा।

ई-बस से जन्माष्टमी शोभायात्रा में पहुंचे मंत्री और महापौर

ई-बस के सफल ट्रायल के बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की चलित शोभायात्रा में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शहर की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।ई-बस के ट्रायल के दौरान नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेक राम सोनकर, अंशुल राघवेंद्र यादव, रजनी कैलाश साहू सहित निगम और जिला कलेक्टर राघवेंद्र सिंह नगर निगम आयुक्त  राम प्रकाश अहिरवार सहित अन्य प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बस में सफर किया।