रायसेन। जिला जेल रायसेन में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विचाराधीन कैदी ने जेल के मुख्य द्वार के पास तैनात प्रहरी पर कथित तौर पर गोली चला दी। गोली लगने से प्रहरी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल स्थित एम्स रेफर किया गया है।जानकारी के मुताबिक, जेल में रक्षाबंधन कार्यक्रम के दौरान एक कैदी फल की टोकरी लेकर जेल के मुख्य गेट तक पहुंचा था। इसी दौरान गेट खुलवाने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि कैदी ने फल की टोकरी में छिपाकर लाए गए देसी कट्टे से प्रहरी पर फायर कर दिया। गोली चलने की आवाज से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।घायल प्रहरी की पहचान दिग्विजय सिंह तोमर के रूप में बताई गई है। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कैदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल परिसर में देसी कट्टा आखिर पहुंचा कैसे? कैदी के पास हथियार पहुंचने के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटे हैं कि हथियार किस माध्यम से जेल तक पहुंचा और क्या इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका भी है।घटना के बाद जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और तलाशी प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों द्वारा पड़ताल की जा रही है। मामले में आगे की जांच के बाद ही गोलीकांड से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।