बरगी बांध अलर्ट : आज फिर खुल सकते हैं 5 गेट

जबलपुर। बरगी बांध में लगातार हो रही पानी की आवक को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार सुबह की समीक्षा में बांध का जलस्तर 421.85 मीटर और जलभराव 93.33 प्रतिशत दर्ज किया गया। कैचमेंट एरिया से फिलहाल 707 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। आगामी बारिश और जलभराव के दबाव को नियंत्रित करने के लिए आज 3 सितंबर गुरुवार को सुबह 11 बजे बांध के पांच गेट एक मीटर तक खोले जाने की संभावना है। इससे करीब 760 क्यूमेक पानी छोड़ा जाएगा।

गेट खोले जाने की स्थिति में नर्मदा नदी के तटीय घाटों और निचले इलाकों में पानी का स्तर 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और प्रमुख घाटों पर जाने वालों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
बांध के नियंत्रण कक्ष से तकनीकी अधिकारियों की टीम जलस्तर और पानी की आवक पर लगातार नजर रख रही है। आवक में बदलाव होने पर गेटों की संख्या और पानी निकासी की मात्रा में भी तत्काल परिवर्तन किया जा सकता है। प्रशासन ने आम लोगों और स्नानार्थियों से नर्मदा के गहरे पानी तथा डूब वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।