जबलपुर। शहर की खस्ताहाल सड़कों और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को सड़क पर उतरकर विरोध जताया। कांग्रेस पार्षद दल और पश्चिम विधानसभा के ब्लॉक पदाधिकारियों ने सूपाताल से मेडिकल मेन रोड तक झाड़ू लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी सड़क महज 8 से 10 महीने में ही उखड़ने लगी, जिससे निर्माण की गुणवत्ता और जिम्मेदारों की निगरानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने सड़क से गिट्टी-बजरी और धूल हटाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना था कि सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और डामर निकलने के बाद गिट्टी-बजरी बाहर आ गई है। वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उड़ने से राहगीरों और आसपास के रहवासियों को परेशानी हो रही है।
नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बनने वाली सड़क यदि कुछ ही महीनों में बदहाल हो जाए तो इसके लिए निर्माण एजेंसी, ठेकेदार और निगरानी व्यवस्था की जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने महापौर और क्षेत्रीय विधायक से मांग की कि सूपाताल-मेडिकल मेन रोड सहित शहर की खराब सड़कों का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। जहां निर्माण में खामियां सामने आएं, वहां संबंधित ठेकेदार से सड़क का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सड़कों की स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ और घटिया निर्माण के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि जनता को गड्ढे, धूल और उखड़ी सड़कें नहीं, बल्कि सुरक्षित और टिकाऊ सड़कें चाहिए।
ये रहे मौजूद…………
प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डु नबी, पार्षद अनुपम जैन, तुलसा लखन प्रजापति, कलीम खान, प्रमोद पटेल, सांसद प्रतिनिधि ताहिर अली सहित सलिल चौकसे, सचिन बाजपेई, अभिषेक पाठक, बलवंत सिंह गुर्जर, अखिलेश शर्मा, मिंटू मिश्रा, विवेक जैन, श्रेष्ठ ठाकुर, मोइन उस्मानी, मोहित प्यासी, आलोक उपाध्याय सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।