जबलपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि भारतीय त्योहार केवल सामाजिक एवं सांस्कृतिक उत्सव नहीं हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाली महत्वपूर्ण शक्ति हैं। रक्षाबंधन जैसे पर्व ‘सनातन अर्थव्यवस्था’ को मजबूत करते हुए किसानों, कारीगरों, छोटे व्यापारियों, महिला उद्यमियों एवं विभिन्न सेवा क्षेत्रों के लिए रोजगार और व्यापार के अवसर पैदा करते हैं।
कैट राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया के आकलन के अनुसार, इस वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर देशभर में लगभग ₹30,000 करोड़ की आर्थिक गतिविधियां हुईं। इसमें करीब ₹25,000 करोड़ का राखी कारोबार तथा लगभग ₹5,000 करोड़ की मिठाई, ड्राई फ्रूट्स, परिधान, फैशन एक्सेसरीज़, एफएमसीजी गिफ्ट पैक्स, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अन्य उपहार वस्तुओं की खरीद शामिल है।
कैट मध्यप्रदेश प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र जैन ने कहा कि रक्षाबंधन पर प्रदेश के बाजारों में अच्छी खरीदारी हुई तथा स्थानीय एवं स्वदेशी उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान बढ़ा है।
प्रदेश महामंत्री जितेंद्र पचौरी ने कहा कि त्योहारों से व्यापार की पूरी श्रृंखला सक्रिय होती है और इसका लाभ छोटे व्यापारियों से लेकर कारीगरों एवं सेवा क्षेत्र तक पहुंचता है।
कैट संरक्षक संदेश जैन ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रति बढ़ती जागरूकता आत्मनिर्भर भारत की दिशा में सकारात्मक कदम है।
रक्षाबंधन पर पूरे दिन बारिश से व्यापार पर भी पड़ा असर*
कैट संभागीय अध्यक्ष दीपक सेठी ने कहा कि रक्षाबंधन पर जबलपुर के बाजारों में अच्छी रौनक रही। सुबह से ही बारिश होने के कारण बाजार में कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन जैसे ही बारिश रुकती, बाजारों में रौनक दिखाई देने लगती थी। राखी के साथ मिठाई, उपहार, परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं अन्य वस्तुओं की खरीदारी में तेजी देखने को मिली। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजार से की गई खरीदारी छोटे व्यापारियों और स्थानीय रोजगार को सीधे मजबूती देती है।
संभागीय महामंत्री राजा सराफ ने कहा कि रक्षाबंधन ने बाजार में उत्साह बढ़ाया और स्थानीय व्यापार को इसका लाभ मिला। उन्होंने उपभोक्ताओं से आगामी त्योहारों पर भी स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देने की अपील की।
कैट प्रदेश सचिव रोहित खटवानी ने कहा कि त्योहारों के दौरान स्थानीय बाजारों से खरीदारी करने की प्रवृत्ति बढ़ना छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए सकारात्मक संकेत है।
कैट जबलपुर जिला अध्यक्ष राजीव बड़ेरिया ने कहा कि रक्षाबंधन ने शहर के व्यापारियों को अच्छा कारोबार दिया और स्वदेशी व स्थानीय उत्पादों के प्रति उपभोक्ताओं का रुझान उत्साहजनक रहा।
महिलाओं ने भी दिया ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा
कैट राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर (महिला विंग) श्रीमती सीमा सिंह चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन की खरीदारी में महिलाओं ने भी स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दी। महिलाओं में लोकल उत्पादों को अपनाकर खरीदारी करने का रुझान स्पष्ट रूप से दिखाई दिया, जिससे महिला उद्यमियों, कारीगरों और छोटे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिला।
कैट पदाधिकारियों ने कहा कि रक्षाबंधन पर मिले जनसमर्थन को आगे बढ़ाते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगामी त्योहारों में भी मजबूत किया जाना चाहिए।