3 लाख रुपए का पड़ गया कार का पंचर, रुपयों से भरा बैग चोरी, संदिग्ध सीसीटीवी कैमरे में कैद

जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र के नेपियर टाउन स्थित मॉडल रोड ए टू जेड एलाईमेंट के पास पंचर बनवाने के दौरान कार की पिछली सीट के नीचे रखा 3 लाख नगद से भरा बैग अज्ञात आरोपी चोरी कर ले गया। बैग में नगदी के अलावा दुकान की चाबी और बिक्री संबंधी बिल भी रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मदनमहल पुलिस के अनुसार महानद्दा मदनमहल निवासी 39 वर्षीय आशीष चैईठवानी प्लाई बोर्ड की दुकान संचालित करते हैं। गत रात करीब 8:30 बजे उनका दोस्त देवेंद्र टेकचंदानी कार क्रमांक एमपी 20 जेडएक्स 7007 से दुकान पहुंचा और आशीष को घर चलने के लिए कहा। आशीष ने दुकान के काउंटर पर रखी बिक्री की रकम काले रंग के बैग में रखी और बैग कार में रखकर दोस्त के साथ रवाना हो गए।
दोनों पुराने बस स्टैंड की ओर कुछ खाने के लिए जा रहे थे। रास्ते में सेंट्रल बैंक के पास एक युवक ने उन्हें बताया कि उनकी कार का टायर पंचर है। इसके बाद दोनों मॉडल रोड स्थित ए टू जेड एलाईमेंट पहुंचे और कार का पंचर बनवाने लगे। बैग कार में ड्राइवर सीट के पीछे नीचे रखा हुआ था।
आशीष और देवेंद्र पंचर बनाने वाले को पंचर ठीक करने और स्टेपनी लगाने के लिए कहकर करीब 10-15 मिनट के लिए वहां से चले गए। वापस लौटने पर कार में रखा काले रंग का बैग गायब मिला। उन्होंने पंचर बनाने वाले से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
बैग में 3 लाख नगद, दुकान की चाबी और बिल रखे हुए थे। इसके बाद ए टू जेड एलाईमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक कार से बैग निकालकर ले जाता दिखाई दिया। संदिग्ध युवक ने काले रंग की टी-शर्ट, नीले रंग की पैंट और सिर पर कैप लगा रखी थी।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।