जबलपुर। केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों और आसमान छूती महंगाई के खिलाफ मंगलवार को पूर्व विधायक विनय सक्सेना के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने एक विशाल विरोध रैली निकाली। छोटा फुहारा से शुरू हुई यह पदयात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई सुपरमार्केट पहुंचकर संपन्न हुई।मूसलाधार बारिश के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के हौसले बुलंद रहे। रैली में शामिल लोगों ने बढ़ती महंगाई को जनता पर सरकारी अत्याचार करार देते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक विनय सक्सेना ने कहा कि कभी “बहुत हुई महंगाई की मार” का नारा देकर सत्ता में आई भाजपा ने सरकार बनाते ही पेट्रोल, डीजल, शक्कर, तेल, प्याज और लहसुन जैसी मूलभूत वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए हैं। इस असहनीय महंगाई ने जहां एक ओर हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है, वहीं दूसरी ओर मध्यम और छोटे स्तर के व्यापारियों का कारोबार भी पूरी तरह बदहाल कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित में कांग्रेस इस महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लगातार जन-जागरण अभियान चलाती रहेगी।रैली में आलोक मिश्रा, सतीश उपाध्याय, मधु चौधरी, राजेश सोनकर, राजेश तिवारी, पार्षद अख्तर अंसारी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका सोनी, पूर्व अध्यक्ष कमलेश यादव, रश्मि सिंह, राखी सराफ सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।