जबलपुर। वित्तीय धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों के बीच लोगों की मेहनत की कमाई, विश्वास और भविष्य को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में युवा शोधकर्ता डॉ. कामेश सतीश पवार और उनकी शोध टीम ने महत्वपूर्ण पहल की है। टीम ने वित्तीय सेवाओं में ब्लॉकचेन तकनीक के प्रभाव और संभावित उपयोग का अध्ययन करते हुए वित्तीय व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने की संभावनाओं पर शोध किया है।डॉ. पवार के शोध का विषय “वित्तीय सेवाओं पर ब्लॉकचेन तकनीक के प्रभाव का अध्ययन” (Exploring the Impact of Blockchain Technology on Financial Services) है। शोध में वित्तीय क्षेत्र में ब्लॉकचेन के संभावित उपयोग, लेन-देन में पारदर्शिता एवं सुरक्षा बढ़ाने तथा वित्तीय धोखाधड़ी के जोखिमों से निपटने में इस तकनीक की संभावित भूमिका का अध्ययन किया गया है।
आम नागरिक की सुरक्षा को बनाया शोध का आधार
शोध टीम के अनुसार वित्तीय धोखाधड़ी का असर केवल धन के नुकसान तक सीमित नहीं रहता। किसी व्यक्ति की जीवनभर की बचत, परिवार की भविष्य की योजनाएं, बच्चों की शिक्षा और बुजुर्गों की आर्थिक सुरक्षा तक प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वित्तीय प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने वाली तकनीक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
डॉ. कामेश सतीश पवार ने कहा कि तकनीक का उद्देश्य केवल वित्तीय सेवाओं को तेज बनाना नहीं, बल्कि उन्हें अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाना भी होना चाहिए। उनका प्रयास ऐसी वित्तीय व्यवस्था की संभावनाओं को तलाशना है, जिसमें आम नागरिक की मेहनत की कमाई और आर्थिक भविष्य को बेहतर सुरक्षा मिल सके।
पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने की संभावना
ब्लॉकचेन अपनी विकेंद्रीकृत संरचना, रिकॉर्ड की पारदर्शिता और लेन-देन के सत्यापन की व्यवस्था के कारण वित्तीय क्षेत्र में नई संभावनाएं प्रस्तुत करती है। शोध में यह समझने का प्रयास किया गया है कि इस तकनीक के इस्तेमाल से वित्तीय सेवाओं की सुरक्षा और पारदर्शिता किस तरह मजबूत हो सकती है तथा भविष्य में धोखाधड़ी के जोखिमों को कम करने में इसकी क्या भूमिका हो सकती है।शोध टीम का मानना है कि किसी भी तकनीकी नवाचार की वास्तविक उपयोगिता तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिक तक पहुंचे और वह लोगों के आर्थिक जीवन को अधिक सुरक्षित एवं भरोसेमंद बनाने में योगदान दे।
शोध टीम में ये भी शामिल
इस शोध में डॉ. कामेश सतीश पवार के साथ डॉ. अनिल कुमार, डॉ. सुल्तान सिंह, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. निर्मलम एस. एवं डॉ. शालिनी गौतम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शोध को वर्तमान वित्तीय चुनौतियों के बीच सुरक्षित, पारदर्शी और विश्वसनीय वित्तीय व्यवस्था की दिशा में तकनीकी संभावनाओं की तलाश के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।