जबलपुर। जबलपुर संभाग के पड़ोस जिला कटनी में हत्या के आरोपी के पिता से जमीन के विवादित सौदे और पुलिस अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोपों के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद उन पर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है| इसी बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए| सीएसपी नेहा पच्चीसिया को निलंबित करने के लिए मुख्य सचिव को निर्देश दिए| वहीं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर शुक्रवार 21 अगस्त को कटनी स्थित सीएसपी कार्यालय को सील कर दिया गया। कार्यालय सील करने का उद्देश्य मामले से जुड़े दस्तावेज, फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ रोकना बताया गया है।
इधर, जबलपुर संभाग के आईजी प्रमोद वर्मा ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया को फिलहाल जबलपुर आईजी कार्यालय अटैच कर दिया है। एएसपी जबलपुर श्रीमति अनु बेनीवाल की जांच रिपोर्ट के आधार पर पांच पुलिसकर्मियों को ड्यूटी से हटा दिया गया है। इनमें रंगनाथनगर थाना प्रभारी अरुण पाल सिंह, स्लीमनाबाद थाने में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी, सीएसपी का ड्राइवर, गनर और रीडर शामिल हैं।
सीएम ने निलंबन के निर्देश दिए……
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को सीएसपी नेहा पच्चीसिया के निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पुलिस महकमे में कार्रवाई को लेकर हलचल तेज हो गई है।
यह है मामला …………
उल्लेखनीय है कि कन्हवारा में हत्या के मामले की विवेचना के दौरान जमीन के सौदे को लेकर सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित अन्य के खिलाफ कुठला थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। जांच में जमीन की कीमत और रजिस्ट्री राशि के बीच बड़े अंतर की बात सामने आई है। मामले में दस्तावेजी और अन्य साक्ष्यों की जांच आगे बढ़ने के साथ पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।